योग के क्षेत्र में बस्तर संभाग का नाम रौशन कर रही हैं सुकमा की वर्षा तिवारी

 

0 नेशनल लेवल पर वर्षा जीत चुकी हैं कई मेडल 

जगदलपुर। करें योग रहे निरोग” ये हम सब बचपन से सुनते आ रहे हैं और अब हमारा देश योग में विश्वगुरु बन चुका है। लेकिन हममें से अधिकांश लोग इस बात से अनभिज्ञ हैं कि योग अब एक खेल के रूप में भी शामिल हो चुका है। जिस तरह बाकी खेल स्पर्धाएं होती हैं, वेसे ही योग को भी शामिल किया गया है। इसका मूल उद्देश्य यही है कि हम खेल खेल में योग को अपने जीवन में अपनाएं।
ऐसे ही योग की एक राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बस्तर संभाग के सुकमा जिले का नाम रोशन कर रही है।ये हैं वर्षा तिवारी, जो सुकमा जिले की मूल निवासी हैं। वर्षा तिवारी अशोक तिवारी व प्रतिभा तिवारी की पुत्री तथा एसएम शर्मा व कुसुम शर्मा की पुत्रवधु हैं। वर्तमान में वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छिंदगढ़ में ओटी अटेंडर के पद पर कार्यरत हैं। साथ ही योग में विशेष रुचि के कारण वर्षा तिवारी पिछले 4 वर्षों से योग का अभ्यास कर रही हैं।साथ ही इन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की ओर से योग का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और अपने विभाग का नाम रौशन किया है। हाल ही 24-25 अगस्त को जोधपुर राजस्थान में आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया विमेन्स लीग में वर्षा तिवारी ने भाग लेकर राज्य ओर जिले को गौरवान्वित किया है। अक्टूबर 2023 में दिल्ली ने आयोजित आल इंडिया सिविल सर्विसेज योगासन टूर्नामेंट में वर्षा तिवारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। वर्षा तिवारी ने बातचीत में हमें बताया कि उनके माता पिता व सास ससुर उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। वर्षा तिवारी सुकमा में योग की कक्षा भी चलाती हैं। वर्षा की इच्छा है कि उनकी ही तरह सुकमा जिले से और भी प्रतिभाएं बाहर निखर कर समाज के सामने आएं। इसके लिए वे बच्चों और हर आयु वर्ग के लोगों को अवसर उपलब्ध कराने तत्पर हैं। उन्होंने लोगों से कहा है कि योग के क्षेत्र में अपना कॅरियर बनाएं। क्योंकि आने वाले कुछ सालों में बाकी खेलों की तरह योग भी ओलंपिक खेलों में शामिल होंने जा रहा है। हाल फिलहाल एशियन गेम्स, नेशनल गेम्स में भी योगासन शामिल हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *