कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, भाजपा सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है- कांग्रेस

० सरकार खुद प्रदेश के राजनैतिक वातावरण को खराब करना चाह रही है

रायपुर। राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भिलाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज की कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है। भाजपा सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है। भाजपा सरकार के पुलिस का आतातायी चेहरा सर्वथा अस्वीकार्य है। सरकार अपनी राजनैतिक मर्यादा का उल्लंघन कर रही। प्रदेश के राजनैतिक वातावरण को दूषित करने की कोशिश कर रही है। पहले तो पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले को रोक कर अभद्रता की जाती है। कार्यवाही की मांग पर लाठीचार्ज किया जाता है यह सरकार अपनी विदाई का मार्ग स्वयं तैयार कर रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे।
भाजपा के अनुषांगिक संगठन बजरंग दल एवं विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता दादागिरी किये थे, सड़क जाम करके उपद्रव मचा रहे थे, पूर्व मुख्यमंत्री के साथ, उनके सुरक्षा कर्मियों के साथ बदतमीजी कर रहे थे। पुलिस उन पर कार्यवाही करने के बजाय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है। सरकार सोचती है कि लाठियां चलवाकर वह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दबा लेगी तो सरकार मुगालते में है। जितना अत्याचार करेंगे हमारा हौसला उतना मजबूत होगा। कांग्रेस की आक्रामकता से हमारे द्वारा लगातार चलाये जा रहे आंदोलनों से सरकार डर गयी है, घबरा गयी है। वह बर्बरता पर उतर गयी है। हम सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेंगे। हम इनके लाठियों, गोलियों से डरने वाले नहीं है।
पुलिस चोरी ऊपर से सीनाजोरी कर रही एक तो पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले पर हमला होता है, दूसरा हमारे पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही। चरोदा निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर के खिलाफ झूठा एफआईआर दर्ज किया गया। पुलिस की सह पर भाजयुमो प्रदर्शन करता है, पहले खुद अभद्रता करते है बाद में दबाव बनाते है। भाजपा और सरकार अपने अराजक कार्यकर्ताओं पर अंकुश लगाये अन्यथा कांग्रेस के कार्यकर्ता उन्हीं की भाषा में जवाब देंगे। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, वरिष्ठ प्रवक्ता आरपी सिंह, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, प्रवक्ता नितिन भंसाली, सत्यप्रकाश, सारिक रईस खान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *