दीपक बैज का खुला चैलेंज – हिम्मत है तो हर कांग्रेसी का करा लो नार्को टेस्ट

0 देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर जमकर बरसे पीसीसी चीफ दीपक बैज 
0 मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का भी कराया जाए नार्को टेस्ट 

जगदलपुर। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज बेहद आक्रामक मुद्रा में नजर आए। उन्होंने साय सरकार को नार्को टेस्ट कराने के लिए खुलेआम चुनौती दी।
विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में रायपुर में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का ऐसा रौद्र रूप पहली बार देखने को मिला। धरना के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज ने कहा कि बलौदा बाजार कांड में अपनी नाकामी छुपाने और कांग्रेस को बदनाम करने के लिए विष्णु देव साय सरकार चुन चुन कर सतनामी समाज के निर्दोष और निरीह लोगों को तथा कांग्रेस के विधायकों और जनप्रतिनिधियो को गिरफ्तार करवा कर प्रताड़ित कर रही है। बलौदा बाजार में जो कुछ भी हुआ, वह भाजपा की साजिश का नतीजा था। श्री बैज ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव बेकसूर है। कांग्रेस और सभ्य सतनामी समाज की बलौदा बाजार की हिंसा में कोई भूमिका नहीं है। यह सब सतनामी समाज और कांग्रेस को बदनाम करने का हथकंडा है। दीपक बैज ने कहा कि देवेंद्र यादव का नार्को टेस्ट करा लें, सुबोध हरितवाल का नार्को टेस्ट करा लें, गिरीश देवांगन का नार्को टेस्ट करा लें, मलकीत सिंह गैदू का नार्को टेस्ट करा लें, दीपक बैज का नार्को टेस्ट करा लें, सतनामी समाज के लोगों का भी नार्को टेस्ट करा लें। हम कांग्रेसी और सतनामी समाज के लोग बाबा गुरु घासीदास जी के बताए सत्य के मार्ग पर चलने वाले लोग हैं, हम डरने वालों में से नहीं हैं। हां मगर नार्को टेस्ट मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और भाजपा के लोगों का भी होना चाहिए। हम सत्य की लड़ाई लड़ते रहेंगे, भाजपा साजिश के दम पर हमें परेशान तो कर सकती है मगर झुका नहीं सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *