कांग्रेस के साढ़े नौ साल के पाप को धोने में थोड़ा समय तो लगेगा – आलोक अवस्थी

०  कांग्रेसी कुशासन ने नगर निगम की तमाम व्यवस्थाओं की कमर तोड़ दी 
०  जल भराव समस्या कांग्रेस की देन, सत्ता सुख भोगते बैठे रहे कांग्रेस नेता 
जगदलपुर। कांग्रेस पार्टी लगातार साढे़ नौ साल तक नगर निगम में काबिज रही और जनता से सीधे जुड़ी सभी व्यवस्थाओं व नगर निगम के कामकाज की कमर तोड़कर रख दी। बीते पांच साल प्रदेश में रही कांग्रेस सरकार में बस्तर संभाग में सभी 12 के 12 विधायक कांग्रेस के थे, इसके बावजूद संभाग मुख्यालय जगदलपुर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने व मूलभूत सुविधाओं के लिए एक भी ठोस योजना बनाने में कांग्रेस और कांग्रेसी नेता असफल रहे। यह कांग्रेस की कमतरी व कमजोरी को स्पष्ट बताता है। वही कांग्रेस पार्टी आज नगर निगम की अव्यवस्थाओं की दुहाई देकर हल्ला मचाते हुए राजनीति कर रही है। कांग्रेस नेताओं के लगाए आरोप खुद कांग्रेस को ही नकारा साबित कर रहे हैं।
यह कहना है भाजपा नेता आलोक अवस्थी का।भाजपा मीडिया प्रभारी व नगर निगम राजस्व सभापति आलोक अवस्थी ने कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा है कि कांग्रेस ने साढ़े नौ साल नगर निगम में इतने पाप किए हैं, जिसे सुधारने व धोने में थोड़ा समय लगेगा। भाजपा नगर सरकार जनता के बीच पहुंच कर ज़मीनी स्तर पर लगातार काम कर रही है। नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में हालिया संपन्न जन समस्या निवारण पखवाड़ा इसका जीवंत प्रमाण है। आलोक अवस्थी ने कहा कि इस वर्ष अधिकाधिक बरसात से शहर में जलभराव की अप्रिय स्थितियों को लेकर कांग्रेसी नेता छाती पीट रहे हैं। उनसे सीधा सवाल है कि नगर निगम में साढ़े नौ साल के लंबे कार्यकाल में कांग्रेस व कांग्रेसियों ने इस गंभीर विषय के निदान के लिए क्या किया? क्यों नगर निगम में आसीन रही कांग्रेस के निर्वाचित जनप्रतिनिधि जन समस्याओं से आंखें मूंदे सिर्फ सत्ता का सुख भोगते रहे? जनता से किनारा करने वाली कांग्रेस को इन्हीं कारणों से जनता जनार्दन ने उखाड़ फेका है। आलोक अवस्थी ने कहा कि निगम की बागडोर संभालने के बाद इन दो महीनों में भाजपा नगर सरकार ईमानदारी से कर्मठता के साथ शहर व जनता के हितार्थ लगातार कार्य कर रही है। समस्याओं के निराकरण के लिए अविलंब सीधे जनता के मध्य जा रही है। जनसमस्या निवारण पखवाड़ा के तहत सभी 48 वार्डों में शिविर लगाकर जनता की परेशानियों को दूर करने का ईमानदार प्रयास हाल ही में किया गया। जिसका विरोध भी कांग्रेस व कांग्रेसी नेता राजनीतिक दुर्भावना ग्रस्त होकर करते रहे। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव के निर्देश पर भाजपा नगर सरकार जनता के सेवार्थ दिन रात संकल्प के साथ कार्य में जुटी है। कांग्रेस व उनके पार्षद, नेतागण झूठा धरना और प्रायोजित आंदोलन का सहारा लेकर केवल आरोप लगाने का खेल ही कर रहे हैं। कांग्रेस मित्रों को सलाह है कि जनता के बीच भी जाएं और राजनीति में जनसेवा धर्म का भी थोड़ा पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *