भूपेश बघेल के पिताजी का सलाहकार रहा है गिरफ्तार नक्सल एजेंट, सांसद संतोष पांडेय का बड़ा आरोप…

0 सांसद पाण्डेय के इस बयान से मची सनसनी 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। राजनांदगांव पुलिस रेंज में पकड़े गए बस्तर संभाग के नक्सलियों और उनके एक एजेंट में से एक को राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिवंगत पिता नंदकुमार बघेल का सलाहकार बताया है। छत्तीसगढ़ के मोहला, मानपुर- अंबागढ़, चौकी जिले में 4 नक्सलियों समेत 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये आरोपी नक्सलियों के लिए लेव्ही वसूलने का काम करते रहे हैं और उनके पास से एक करोड़ के मनी ट्रेल का भी खुलासा हुआ है। इसको लेकर राजनांदगाव के सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि गिरफ्तार नक्सली विवेक सिंह स्व. नंदकुमार बघेल का सलाहकार रहा है। यहां तक कि नक्सलियों के साथ 7 लाख रुपए के लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है। इससे स्पष्ट है कि नंदकुमार बघेल के नक्सलियों से संबंध थे और वे मोहला- मानपुर के अंदरूनी क्षेत्रों में जाकर बैठकें लेते थे। संतोष पाण्डेय ने पूछा है – अब भूपेश बघेल बताएं यह रिश्ता क्या कहलाता है?

एक करोड़ का मनी ट्रेल खुलासा

मोहला, मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में नक्सलियों पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। शनिवार को पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास वसूली के मनी ट्रेल का खुलासा भी किया गया है। जिसमें उइन्होंने 1 करोड़ रुपए से ज्यादा लेव्ही वसूल कर नक्सलियों तक पहुंचाई थी। इन्हीं पैसों से आरोपी सूरजू राम टेकाम के लिए फ्लाईट टिकिट बुक करने और नक्सलियों को सामान सप्लाई करने का काम किया जाता था। मिली जानकारी के अनुसार, पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सुरजू राम टेकाम माओवादी संगठन के प्रचार- प्रसार के लिए और अपने नेटवर्क को आगे बढ़ाने के लिए लगातार शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर रहा था। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) द्वारा पर्दे के पीछे से प्रायोजित ऑपरेशन कगार, कार्पोरेटीकरण, सैनिकीकरण के विरोध में 23 मार्च को कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें शामिल होने के लिए सरजू राम टेकाम 22 मार्च को फ्लाईट के जरिए रायपुर से दिल्ली गया था। दिल्ली जाने के लिए फ्लाईट टिकिट नक्सलियों द्वारा लेव्ही से प्राप्त पैसों से सुरजू राम टेकाम और सोनाराम फरसा के लिए बुक कराई गई थी।वहीं सोनाराम फरसा को सुरजू राम टेकाम द्वारा उसे दिल्ली जाने के लिए लेव्ही से मिले पैसों में से कुछ पैसे भेजने के लिए कहा और साथ में चलने के लिए भी कहा। तब सोनाराम फरसा ने ठेकेदार से प्राप्त पैसों में से अपने खाते से सुरजू राम टेकाम के बताए खाते पर पैसे भेजे। तब सुरजू राम टेकाम ने उस अकाउंट से फ्लाईट टिकिट बुक करने के लिए विवेक सिंह को पैसे भिजवाए। विवेक सिंह द्वारा सूरजू राम टेकाम के कहने पर नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को लगातार अलग- अलग माध्यम से सहयोग किया जा रहा था और ये लगातार एक- दूसरे से संपर्क में थे।

तेंदूपत्ता ठेकेदारों से वसूली

नक्सलियों द्वारा बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ क्षेत्र में तेंदूपत्ता ठेकेदारों को जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर सोनाराम फरसा, विजय जुर्री, रामलाल करमा और राजेंद्र कड़ती के माध्यम से लेव्ही वसूली की जा रही थी। इन चारों को वर्ष 2022 में एक करोड़ रुपए लेव्ही वसूलने का टारगेट दिया गया था। जिसके लिए भैरमगढ़ क्षेत्र में तेंदूपत्ता ठेकेदार से जंगल क्षेत्र में काम करने के एवज में नक्सलियों ने सोनाराम फरसा, विजय जुर्री, रामलाल करमा और राजेंद्र कड़ती की सहायता से ठेकेदार को जान-माल नुकसान पहुंचाने का धमकी देकर करोड़ो रुपयों की लेव्ही वसूली किए। वहीं सोनाराम फरसा, विजय जुर्री, रामलाल करमा, राजेंद्र कड़ती ने अपने बैंक अकाउंट के माध्यम से लेव्ही के तकरीबन 60 लाख रुपए प्राप्त किए और बाद में बैंक से नगदी निकालकर नक्सलियों को पहुंचाने का कार्य करते थे। राजेंद्र कड़ती का बड़ा भाई मोहन कड़ती कुख्यात नक्सली कमांडर भैरमगढ़ क्षेत्र का है। ये सभी लोग कई सालों से नक्सलियों से मिलकर ठेकेदारों से लेव्ही वसूली, नक्सलियों को राशन, दवाई और अन्य जरूरत की सामाग्री का सप्लाई कर रहे थे। इस मामले में भैरमगढ़ क्षेत्र के निवासी सोनाराम फरसा, विजय जुर्री, रामलाल करमा और राजेंद्र कड़ती ने ठेकेदार से नक्सलियों के लिए लेव्ही वसूली ऑनलाइन की और बैंक से निकालकर पैसे नक्सलियों तक पहुंचाए। नक्सलियों के सहयोगियों द्वारा माओवादियों के आदेश पर शहरी नेटवर्क को सपोर्ट करने के लिए नक्सल संगठन के शहरी सदस्यों की यात्रा और अन्य खर्चों के लिए आनलाईन पैसे ट्रासफर करते थे। जिसके तहत सूरजू राम टेकाम की दिल्ली यात्रा के लिए लेव्ही के पैसों का उपयोग किया गया। फ़िलहाल इस मामले में जांच जारी है और आगे और भी संलिप्तता की जानकारी के लिए फायनेंशियल ट्रेल, इलेक्ट्रानिक और अन्य दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है।

ये किए गए हैं गिरफ्तार

गिरफ्तार लोगों में सोनाराम फरसा पिता स्व. पांडूराम उम्र 28 वर्ष पंचायत बिरियाभूमि आदवाड़ा थाना जांगला जिला बीजापुर, विजय जुर्री पिता स्व. संतूराम जुर्री उम्र 32 वर्ष मरकापाल ग्राम पंचायत बांगोली थाना भैरमगढ़ जिला बीजापुर, रामलाल करमा पिता तुपाराम करमा उम्र 35 वर्ष ग्राम बांगोली थाना बांगापाल बीजापुर, राजेंद्र कड़ती पिता स्व. बुगुर कड़ती उम्र 30 वर्ष ग्राम डेगमेटा ग्राम पंचायत फुलगट्टा थाना मिरतुर जिला बीजापुर और विवेक सिंह पिता राम सुशील सिंह उम्र 35 वर्ष ग्राम मानपुर जिला मोहला, मानपुर- अंबागढ़, चौकी वर्तमान पता अर्जुन वेली सड्डू थाना विधानसभा रायपुर शामिल हैं। इस नक्सल विरोधी अभियान को पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव दीपक झा के निर्देशन एवं जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) डीसी पटेल के दिशा निर्देश में एसडीओपी मयंक तिवारी और विभिन्न थानों की टीम ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *