भाजपा नेता ने फोन पर कलेक्टर को धमकाया, कहा नौकर हो नौकर जैसे रहो

0  भाजपा नेता और कलेक्टर की बातचीत का ऑडियो टेप हुआ वायरल 

(अर्जुन झा) जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भाजपा नेता अजय सिंह का ऑडियो बना बीजापुर में चर्चा का विषय बना हुआ है और यह चर्चा अब जगदलपुर होते हुए राज्य भाजपा मुख्यालय रायपुर तक भी पहुंच चुकी है। किसी ठेके को लेकर भाजपा नेता और कलेक्टर में गरमा गरम बहस ऑडियो में सुनाई दे रही है।
बीजापुर कलेक्टर के साथ भाजपा नेता अजय सिंह के बीच तीखी नोंकझोंक और बहस मुबाहिस का ऑडियो जमकर वायरल हो रहा है। भाजपा नेता ऑडियो में कलेक्टर को चार दिनों में निपटाने की बात करते सुनाई दे रहे हैं। वे कलेक्टर को बता नौकर कह रहे हैं। वायरल ऑडियो में कलेक्टर से अजय सिंह धमकाने वाले अंदाज में बात करते सुनाई दे रहे हैं।
कांग्रेस शासनकाल में युवा आयोग के सदस्य रहे और पूर्व सीएम भूपेश के खासम खास माने जाने वाले बीजापुर के नेता अजय सिंह ने कलेक्टर बीजापुर अनुराग पांडेय को फोन कर उन्हें धमकाने की कोशिश की। जो चर्चा में है। अपने स्वार्थ के लिए बार बार पार्टी बदलने वाले नेताओं से सभी प्रतिष्ठित दलों को सावधान रहने की जरूरत है। बीजापुर जैसे धुर नक्सल प्रभावित जिले में कलेक्टर व अन्य अधिकारी अपनी जान दांव पर लगा कर काम करते हैं।इसके बाद भी अगर जिले के शीर्ष अधिकारी के साथ सत्तारूढ़ दल के किसी नेता द्वारा इस तरह का बर्ताव किया जाता है, तो इसे कतई जायज नहीं ठहराया जा सकता। ऐसे व्यवहार से पार्टी और सरकार की ही छवि धूमिल होती है। बताते हैं कि उक्त भाजपा नेता हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। कांग्रेस में रहते हुए भी क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक के खिलाफ भी अजय सिंह ने एक तरह से मोर्चा खोल रखा था। कहा जा रहा है कि यह नेता ठेके पाने के लिए ही राजनीति का सहारा लेते हैं। वायरल ऑडियो में कलेक्टर भी अजय सिंह से तू तड़ाक की भाषा में बात करते सुनाई दे रहे हैं और अजय सिंह की औकात भी बता रहे हैं। बहरहाल भाजपा नेता का यह वायरल ऑडियो चर्चा का विषय बन गया है।. बस्तर के बड़े भाजपा नेता इसे लेकर हैरान परेशान नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *