महापौर चौपाल अभियान का विरोध जनता का अपमान, राजनीतिक ढिठाई से बाज आए कांग्रेस : आलोक अवस्थी

0 कमरे व कुर्सी की अंधी लालसा में बौरा गए हैं कांग्रेस के नेता: अवस्थी 

जगदलपुर। भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा है कि कमरे और कुर्सी की अंधी लालसा में कांग्रेस के नेता बौरा गए हैं और हद पार करते हुए अब जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए वार्डों में लगातार लगाई जा रही महापौर चौपाल को गलत ठहराने पर उतावले हो रहे हैं, अभियान का विरोध कर रहे हैं।
पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा है कि कांग्रेस पार्षद दल के बड़े और छोटे, दोनों नेता प्रतिपक्ष ने वार्डवार लगाई जा रही महापौर चौपाल का खुलेआम विरोध किया है। कांग्रेस की मानसिकता का स्तर किस श्रेणी में पहुंच गया है, यह समझा जा सकता है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी व मोतीलाल नेहरू वार्ड पार्षद आलोक अवस्थी ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक ढिठाई से बाज आए। जनता से जुड़े कार्यो व जनहित के अभियान को गलत बताना एक तरह से जनता जनार्दन का ही विरोध करना है। कांग्रेस का यह राजनीतिक व्यवहार अनुचित है। कांग्रेस अपनी सोच व नीति में सुधार लाए। आलोक अवस्थी ने कहा कि तीन हफ्ते से निगम कार्यालय के दरवाजे पर बैठकर कांग्रेसी पार्षद सिर्फ तमाशा ही कर रहे हैं। नगर निगम के कामकाज को प्रभावित करने की उनकी कुमंशा उजागर हो गई है। कांग्रेस जिला संगठन और कांग्रेस के पूर्व विधायक ने एक कमरे व कुर्सी को मुद्दा बनाकर कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम का घेराव प्रदर्शन तक कर डाला। फिर भारतीय जनता पार्टी के सम्मानीय विधायक किरण देव के समक्ष कांग्रेस पार्षद दल कमरे व कुर्सी की याचना करने भी पहुंच गया। इतना सब करने के बाद कांग्रेस और उसके नेतागण जनसमस्याओं के समाधान के लिये वार्डों में लग रही महापौर चौपाल का विरोध करने पर उतर आए हैं। आलोक अवस्थी ने कहा कि बीते एक सप्ताह में नगर निगम क्षेत्र के छह वार्डों में महापौर चौपाल लगाई जा चुकी है। जिसमें तीन कांग्रेस पार्षदों के वार्ड भी शामिल हैं। महापौर चौपाल में समस्याओं का त्वरित निदान करने अथक प्रयास हो रहा है। बारिश के बावजूद महापौर चौपाल सकारात्मक भाव से जन हितार्थ निरंतर लगाई जा रही है। ऐसे अभियान का कांग्रेस सिर्फ विरोध करने के नाम पर विरोध की राजनीति का खेल कर रही है। कांग्रेस यह न भूलें कि शहर की जागरूक जनता सब देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *