कलेक्टर विजय ही नहीं, एसपी शलभ सिन्हा भी भी रखते गायकी में दक्षता

0 उत्तर और दक्षिण में देखने को मिल रही एकरूपता 
0 एसपी शालभ सिन्हा की भी गायकी है लाजवाब 

(अर्जुन झा) जगदलपुर। उत्तर और दक्षिण दो परस्पर विपरीत दिशाएं और ध्रुव हैं। दोनों में एकरूपता की कल्पना भी नहीं की जा सकती। मगर बस्तर जिले में उत्तर और दक्षिण में शानदार एकरूपता तथा समन्वय देखने को मिल रहा है। जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी कलेक्टर विजय दयाराम के. दक्षिण भारतीय हैं, तो शीर्ष पुलिस अधिकारी एसपी शलभ कुमार सिन्हा उत्तर भारतीय। इन दोनों वरिष्ठ अधिकारियों में अकल्पनीय
समानताएं हैं। दोनों ही मिलनसार, न्यायप्रिय और जनता के प्रति समर्पित हैं। अब एक और नई बात पता चली है। कलेक्टर विजय तो गीत संगीत प्रेमी हैं ही, एसपी शालभ सिन्हा भी गायकी में सिद्धहस्त हैं। उनके स्वर में एक गीत काफी वायरल हो रहा है।
हमारे बस्तर के पेड़ पौधे, झरने और यहां की वादियां ही गीत संगीत की स्वर लहरियां नहीं बिखेरते, बल्कि यहां के अफसर भी इस कला में सिद्धहस्त हैं। बस्तर के कलेक्टर विजय दयाराम के. में गीत संगीत के प्रति लगाव जग जाहिर हो ही चुका है।वहीं अब पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के भी संगीत प्रेम का एक नायाब नमूना सामने आया है। हमारे एक मित्र ने एसपी शलभ कुमार सिन्हा की गायकी का एक वीडियो भेजा है। इस वीडियो में एसपी श्री सिन्हा फिल्म आशिकी का गीत ‘तू मेरी जिंदगी है’ गाते नजर आ रहे हैं। यह गीत उन्होंने दुर्ग के पुलिस अधीक्षक रहते भिलाई में आयोजित नदीम श्रवण नाइट में गया था। अमूमन पुलिस अफसर कठोर स्वभाव के होते हैं, उनकी जुबान भी कड़क होती है। लॉ एंड ऑर्डर तथा अपराधों पर रोकथाम की जिम्मेदारी सम्हालते सम्हालते और अपराधियों पर गुस्सा उतारते रहने के कारण पुलिस अधिकारी भी रूखे स्वभाव एवं तीखी मिर्ची सरीखी वाणी वाले हो जाते हैं। उनकी आवाज से शहद टपकने और मधुरता की उम्मीद करना भी बेमानी हो जाती है, मगर जनाब मुगालते में मत रहिए। हमारे बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा उन अफसरों में शुमार नहीं हैं। वे निहायत ही मीठी आवाज के जादूगर हैं। उनकी आवाज से शहद, स्ट्राबेरी जूस, अंगूर जूस सब टपकते प्रतीत होते हैं। जब भिलाई में नदीम श्रवण के लिए सजे मंच से एसपी शलभ सिन्हा ने फिल्म आशिकी का गीत गाया, तो श्रोता, दर्शक ही नहीं, बल्कि नदीम श्रवण भी वाह वाह कर उठे। खैर सिन्हा साहब भिलाई दुर्ग में तो अपनी गायकी जलवा दिखा चुके हैं, बस्तर जिले के लोगों को उनका यह जलवा और अंदाज देखना बाकी है। उम्मीद है पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा बहुत जल्द जगदलपुर में भी अपना जलवा दिखाएंगे और अकेले तो गाएंगे ही, कलेक्टर विजय दयाराम के. के साथ उनका सुरीला मुकाबला भी देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *