जगदलपुर के वार्डों में शुरू हुई महापौर की चौपाल…

0 जन समस्याओं के निराकरण के लिए पहल 
जगदलपुर। नगर पालिक निगम के प्रवीर वार्ड से आज महापौर चौपाल का शुभारंभ महापौर सफीरा साहू द्वारा किया गया। हर वार्ड में शिविर के माध्यम से लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने और समस्याएं जानने के लिए महापौर चौपाल लगाई जा रही है। चौपाल प्रतिदिन वार्डो में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगाई जाएगी। महापौर चौपाल अब प्रतिदिन शहर के 48 वार्डो में लगाकर वार्डो में लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, पेयजल, वार्ड की साफ सफाई, वृद्धावस्था पेंशन एवं अन्य पेंशन योजनाओं तथा नगर निगम संबंधित कार्य, वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया अन्य कार्यों का निराकरण चौपाल के माध्यम से किया जाएगा। महापौर चौपाल में महापौर सफीरा साहू के साथ एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव, योगेंद्र पांडे, भारती श्रीवास्तव, आलोक अवस्थी, श्वेता बघेल, नेहा ध्रुव, दयावती देवांगन, वरिष्ठ पार्षद संजय पांडे, निर्मल पाणिग्रही, त्रिवेणी रंगारी, ममता पोटाई, शंभू नाग, नीलम यादव, वार्ड पार्षद महेंद्र पटेल, नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, आयुक्त हरेश मंडावी के अलावा नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

राहत पहुंचाना मकसद

महापौर सफीरा साहू ने बताया महापौर चौपाल लगाने का उद्देश्य शहर के लोगों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना है। शहर के लोगों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए नगर निगम कार्यालय ना आना पड़े। निगम प्रशासन उनके वार्ड मे पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण तत्काल चौपाल में करेगा। यह चौपाल शहर के 48 वार्डों में लगाई जाएगी। जिसमें वार्ड के लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, पेयजल, साफ सफाई, विद्युत व नगर निगम से जुड़े अन्य कार्यों और समस्याओं का चौपाल में तत्काल निराकरण किया जाएगा। अन्य कार्यों की सूची बनाकर जल्द उन कार्यों का भी निराकरण किया जाएगा। महापौर चौपाल के प्रवीर वार्ड में शुभारंभ पर वार्ड के लोगों ने अपनी समस्याएं चौपाल में रखी। प्रधानमंत्री आवास की समस्या, पेयजल एवं साफ सफाई की समस्या, स्ट्रीट लाइट लगाने व अन्य समस्याएं लोगों द्वारा बताई गई। चौपाल में कई समस्याओं का तुरंत निराकरण किया गया। तथा अन्य समस्याओं की सूची बनाकर जल्द निराकरण की बात कही। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *