नहीं थम रहा है मुरुम के अवैध खनन का सिलसिला

 


0  सड़क ठेकेदार तालाब में करा रहा है अवैध खनन 

(अर्जुन झा) बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत राजनगर में अवैध रूप से मुरुम खनन और परिवहन का खेल जमकर चल रहा है। इस मुरुम का उपयोग एक ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में किया जा रहा है। दूसरी ओर खनिज विभाग इस खेल से बेखबर बना हुआ है या यह भी कहा जा सकता है कि इस खेल में खनिज विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी शामिल हों? अब तक हजारों ट्रैक्टर मुरुम यहां से निकाली जा चुकी है।
बकावंड ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत राजनगर के फूटा मुंडा तालाब में लंबे समय से मुरुम की अवैध खोदाई बिना अनुमति लिए की जा रही है। खनिज विभाग के स्थानीय कर्मियों के संरक्षण में ठेकेदार अरोड़ा कंस्ट्रक्शन और जेसीबी मलिक द्वारा तालाब के एक हिस्से की बेतहाशा खोदाई जेसीबी से कराई जा रही है। वहां से निकलने वाली मुरुम को ट्रैक्टर में भरकर बाहर ले जाया जा रहा है। मुरुम को राजनगर और किंजोली पांच चौक तक बन रही डमरीकृत रोड के निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा है। मुरुम को रोड की पटारियों पर डाला जा रहा है। सरकारी तालाब से मुरूम का अवैध खनन और परिवहन सरकारी सड़क निर्माण के लिए किया जा रहा है। इसके एवज में ग्राम पंचायत और खनिज विभाग को रायल्टी राशि भी नहीं दी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक राजनगर के फुटा मुंडा तालाब से लगभग 10 हजार ट्रैक्टर मुरूम निकाल कर राजनगर से किंजोली पांच चौक के बीच बन रही सड़क पर डाली जा चुकी है। मुरुम खोदाई के परमिशन के लिए माइनिंग विभाग में जानकारी दी गई है। वहीं ठेकेदार अरोड़ा कंस्ट्रक्शन का दावा है कि उनके पास मुरुम खोदाई का परमिशन है। परमिशन की प्रति का अवलोकन आप हमारे कार्यालय में आकर कर सकते हैं। वहीं अरोड़ा कंस्ट्रक्शन के मुंशी ने कहा कि 7 हजार ट्राली मुरम ढुलाई का पीट पास हमारे पास है। इस मामले पर जैसे ही संवाददाता ने मुरुम का परिवहन करा रहे चर्चा करनी चाही तो ठेकेदार के लोगो द्वारा जेसीबी और ट्रैक्टर को वहा से निकाल कर गांव में छुपा दिया गया।

खनिज विभाग को भेजेंगे पत्र
राजनगर के सरकारी तालाब से मुरुम के अवैध खनन की जानकारी मिली है। इस संबंध में खनिज विभाग को पत्र लिखकर कार्रवाई करने कहा जाएगा।
गगन शर्मा,एसडीएम, बकावंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *