कलेक्टर की न्यायप्रियता से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

0  रुक्मणि सज्जन की सेवा में बहाली पर कलेक्टर का माना आभार 

जगदलपुर। बर्खास्त कर दी गई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की संभागीय अध्यक्ष एवं पुसेम गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रुक्मणि सज्जन ने सेवा में पुनः बहाली के बाद कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी पुनः बहाली के लिए कलेक्टर के प्रति आभार जताया। अपने सभी साथियों के साथ आज सुबह कलेक्टर कार्यालय पहुंची रुक्मणि सज्जन ने निष्पक्ष न्याय देने के लिए कलेक्टर विजय दयाराम के. को बुके भेंटकर उनका अभिनंदन किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कलेक्टर ने भी रुक्मणि सज्जन को निर्भय होकर ईमानदारी से काम करने की प्रेरणा दी।
उल्लेखनीय हैं कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की संभागीय अध्यक्ष होने के नाते रुक्मणि सज्जन कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के जायज हक में तथा विभाग के कुछ अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाती रही हैं। विभाग की परियोजना अधिकारी की नजरों में रुक्मणि सज्जन हमेशा खटकती थी। इसलिए उन्होंने रुक्मणि सज्जन के खिलाफ झूठे शिकायत पत्र तैयार कर रुक्मणि को अधिकारियों की मदद से बर्खास्त करवा दिया था। जबकि शिकायत पत्रों में जिन ग्रामीणों के नाम दर्शाए गए थे और उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे उन ग्रामीणों ने शपथ पत्र देकर शिकायती आवेदनों को फर्जी ठहराया था। वहीं पुसेम के ग्रामीणों ने भी रुक्मणि सज्जन के कामकाज पर संतुष्टि जताई थी।. इसके बाद भी रुक्मणि न्याय के लिए करीब साल भर तक भटकती रही। अंततः रुक्मणि ने कलेक्टर के समक्ष गुहार लगाई और सारे साबूत उनके समक्ष पेश किए। सभी तथ्यों का अध्ययन करने के बाद कलेक्टर विजय दयाराम के. ने रुक्मणि सज्जन की बर्खास्तगी को गलत पाया और बर्खास्तगी रद्द कर रुक्मणि को सेवा में बहाल करने का आदेश पारित कर दिया। कलेक्टर विजय दयाराम के. की न्याय प्रियता से जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसीलिए आज बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं कलेक्टर का आभार जताने पहुंची थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *