नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड का चल रहा है राहुकाल निगम चुनाव में दूर कर देंगे इसे : जावेद खान

0  वार्ड में न आंगनबाड़ी और पीडीएस दुकान भवन नहीं 

0  मौलिक सुविधाओं से वंचित हैं वार्ड के लोग 

जगदलपुर। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने जगदलपर नगर निगम के वार्ड 9 नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड में वर्षों से चल रहे राहुकाल के लिए भाजपा के पार्षदों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा है कि इस राहु काल को कांग्रेस आगामी निकाय चुनाव में खत्म कर देगी।
जावेद खान ने एक बयान में वार्ड के वर्तमान पार्षद एवं पूर्व पार्षदों को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि शहर का हृदय स्थल कहलाने वाले, क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़े और धार्मिक तथा ऐतिहासिक महत्व वाले नेताजी सुभाष वार्ड में चल रहा राहुकाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक के वार्ड पार्षदों और वर्तमान पार्षद के चलते यह स्थिति बनी है, जिसका खामियाजा वार्ड के लोग भुगत रहे हैं। वार्ड में शुरू से ही भाजपा का कब्जा रहा है। पर किसी ने भी सुभाष वार्ड की सुध नहीं ली। भाजपा के नेता सुभाष वार्ड के मतदाताओं से वोट तो ले लेते हैं परंतु बदले में वार्ड वासियों को गंदी नाली, प्रदूषित चौक चौराहे देते हैं तथा मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखते हैं। जावेद ने कहा यह बड़ा ही दुर्भाग्य जनक है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की शासकीय राशन दुकान के लिए आज तक न तो निगम प्रशासन ने और न ही भाजपा पार्षद भवन तक का निर्माण नहीं करा पाए। राशन दुकान संचालकों को निजी भवन किराए पर लेकर इसका संचालन करना पड़ता है और समय-समय पर भवन का स्थान बदलते भी रहता है जिसके चलते वार्डवासियों को परेशानी होती है। इसी प्रकार आंगनबाड़ी के लिए सुभाष वार्ड में भवन तक की व्यवस्था नहीं है। भाजपा पार्षदों को वार्डवासियों के हक की मूलभूत सुविधाओं से भी सरोकार नहीं है। वे वार्डवासियों को इससे भी वंचित रखते आए हैं। सुभाष वार्ड का एक बड़ा हिस्सा राजमहल के अंतर्गत आता है। यह इलाका चारों ओर फैली गंदगी, जल भराव, कच्ची सड़क, स्ट्रीट लाइट, बिजली की समस्या से वर्षों से पीड़ित है। परंतु कोई भी भाजपाई पार्षद इन समस्याओं को दूर नहीं कर पाया। जावेद खान ने कहा है कि वर्षों से चल रहे नेताजी सुभाष वार्ड के राहुकाल को अब खत्म करने का समय आ गया है,और इस राहुकाल को खत्म करने का मन अब वार्डवासी भी बना चुके हैं। आगामी नगरीय निकाय चुनाव में सुभाष वार्ड के मतदाताओं को भाजपाइयों के चंगुल से छुड़ाकर वार्डवासियों के सहयोग से सुभाष वार्ड को भाजपा मुक्त कर राहुकाल समाप्त किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *