केदार कश्यप पर आरोप लगाने से पहले विक्रम मंडावी खुद की गिरेबां में झांके : जी. वेंकट

0  बस्तर का हर कार्यकर्ता में है भाजपा के प्रति समर्पण 

0 चित्रकोट से कांग्रेस की हार पर चुप क्यों है मंडावी 

जगदलपुर। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी द्वारा वन मंत्री केदार कश्यप पर लगाए गए आरोप को लेकर भाजपा नेता जी. वेंकट ने आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस के किसी विधायक से चुनाव परिणामों को लेकर प्रमाण पत्र की आवश्यकता भाजपा को नहीं है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में मंत्री केदार कश्यप के साथ साथ हर कार्यकर्ता ने धरातल पर कार्य करके 50 हजार से भी अधिक मतों से चुनाव में विजयश्री प्राप्त की है।
बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी द्वारा वन मंत्री केदार कश्यप पर लोकसभा चुनाव में निष्क्रिय रहने के आरोप के बाद बीजापुर जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जी. वेंकट ने कहा कि कांग्रेसी नेता स्वयं अपनी गिरेबां में झांके। बस्तर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने 50 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की है और जीत में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, वनमंत्री केदार कश्यप सहित भाजपा के कार्यकर्ताओं ने धरातल पर कार्य किया और 6 बार के विधायक को पटखनी दिलाई है। श्री वेंकट ने कहा कि बस्तर लोकसभा सीट से चित्रकोट, दंतेवाड़ा, कोंटा से कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है। जबकि चित्रकोट स्वयं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का गृह विधानसभा क्षेत्र है बावजूद विधानसभा क्षेत्र से 7502 वोटों की लीड भाजपा को मिली है। क्या विधायक मंडावी प्रदेश अध्यक्ष बैज से इस हार का कारण पूछेंगे? क्या उनसे भी वही सवाल करेंगे जो श्री केदार कश्यप जी के लिऐ कर रहे हैं? जी वेंकट ने कहा है कि इसी तरह दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस भाजपा से 12884 मतो से पीछे रही तो क्या इसके लिए देवती कर्मा को दोषी ठहराएंगे। इसी तरह कोंटा विधानसभा सीट से स्वयं कांग्रेस से लोकसभा प्रत्याशी रहे 6 बार के विधायक कवासी लखमा 4000 वोटों से पीछे रह गए क्या इसमें भी कवासी लखमा की भाजपा से सांठगांठ थी। श्री वेंकट ने कहा कि विक्रम मंडावी की जमीन धीरे-धीरे खिसक रही है इसलिए वे अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। श्री वेंकट ने कहा कि विधायक श्री मंडावी अपनी पार्टी कांग्रेस की चिंता करें। इस चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के कई दिग्गज धराशायी हुए हैं। उसकी समीक्षा करें। रही बात केदार कश्यप की तो बस्तर के हर भाजपा कार्यकर्ता को केदार कश्यप ने अपने परिवार की तरह रखा है और बस्तर की राजनीति में कश्यप परिवार का योगदान अमूल्य है।
काम न आया दुष्प्रचार
नारायणपुर भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम ने कहा कि बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी सिर्फ बयानबाजी करके मीडिया में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को विषम परिस्थितियों के बावजूद 4500 से अधिक वोटों की लीड मिलना लाखों के बराबर है। विधायक विक्रम मंडावी को अच्छी तरह से पता होगा कि किस तरह से धर्मांतरण व नक्सलवाद का आतंक फैला कर कांग्रेस ने भाजपाईयों को चुनाव प्रचार से रोकने का असफल प्रयास किया।
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या व नक्सल धमकी के बाद भी भाजपा कार्यकर्ता मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में दिन रात जुटे रहे। कांग्रेस ने संपूर्ण बस्तर लोकसभा क्षेत्र में आरक्षण का फर्जी वीडियो वायरल कर आदिवासी क्षेत्रों मे दुष्प्रचार करने का प्रयास किया था, लेकिन यहां के आदिवासी उसके झांसे में नही आए। इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के बेटे हरीश कवासी रात में भी चुनाव प्रचार करते थे जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं को नक्सलियों द्वारा धमकी दी जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *