बनवासी मौर्य की जिद और भाजपा कार्यकर्ताओं की लगन ने बदल दी बेसहारा चेरोबाई की दुनिया…

0 बुजुर्ग महिला के लिए आशियाना लगभग तैयार

 0  रंग लाया भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं का संकल्प 
(अर्जुन झा)बकावंड। बुजुर्ग महिला चेरोबाई को आशियाना उपलब्ध कराने की जो जिद बकावंड ब्लॉक के वरिष्ठ भाजपा नेता बनवासी मौर्य ने ठान रखी थी, उस जिद ने बेसहारा और बुजुर्ग महिला चेरोबाई की दुनिया बदल कर रख दी है। अब तक सरकारी भवनों में गुजारा करती आई चेरो बाई अब खुद के पक्के मकान में जिंदगी बसर करेगी।
चेरोबाई विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत डिमरापाल की वो अभागन छत्तीसगढ़िया महतारी है, जिसे अपनों ने ही बेघर कर दिया था। बेबस चेरो बाई ने गांव की शासकीय उचित मूल्य की दुकान के एक हिस्से में बसेरा कर रखा था। जब इस संवाददाता ने चेरोबाई की दारुण दशा को प्रमुखता से उजागर किया, तब बकावंड विकासखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनवासी मौर्य तुरंत एक्शन मोड में आ गए। बनवासी मौर्य ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान में जाकर चेरोबाई से मुलाकात की, उसका हालचाल जाना और की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ा दिए थे। बनवासी मौर्य ने उसी दिन संकल्प ले लिया था कि जब तक चेरो बाई को सुरक्षित पक्का आवास उपलब्ध नहीं करा देता तब तक चैन से नहीं बैठूंगा। बनवासी मौर्य की इस जिद ने अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों, सरपंच, पटवारी, सचिव और पंचो को भी प्रेरित किया। बस्तर संभाग में बेमौसम बरसात के चलते सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले कीड़े मकोड़े बिलों से बाहर निकलने लगे हैं। जिस राशन दुकान में चेरो बाई रह रही थी, वह जहरीले जीवों से कतई सुरक्षित नहीं था। ऐसे में चेरो बाई की जान पर कभी भी खतरा पैदा हो सकता था। इस बात को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील एवं सहृदय भाजपा नेता बनवासी मौर्य ने गांव के सामुदायिक भवन में चेरोबाई के रहने की व्यवस्था कर दी थी। बनवासी मौर्य के आग्रह पर ग्राम पंचायत ने सामुदायिक भवन के पास ही जमीन उपलब्ध करा दी, जिस पर बनवासी मौर्य ने स्वयं बड़ी राशि लगाकर तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ग्रामीणों की मदद से चेरो बाई के लिए मकान का निर्माण शुरू करा दिया। मकान पूर्णता की ओर है और जल्द ही वहां चेरो बाई का गृह प्रवेश भी हो जाएगा।भाजपा नेता मौर्य प्रतिदिन चेरो बाई से मिलने पहुंचते हैं।भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य के साथ फुलके पाण्डे, विषम ठाकुर, रैपाल निषाद, राम गामा पटेल, ग्राम पंचायत सचिव गणपत नागे आदि भी चेरो बाई के दुख में सहभागी बनते रहे हैं। बनवासी मौर्य ने बताया कि चेरो बाई की मदद के लिए एसडीएम गगन शर्मा, हल्का पटवारी और पंचायत सचिव गणपत नागे भी जी जान से जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *