जबलपुर महापौर अन्नू भाजपा में शामिल…

 

 

0 कांग्रेस को करारा झटका

जबलपुर। जबलपुर महापौर जगत बहादुर अन्नू ने आज मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ भोपाल में प्रदेश भाजपा मुख्यालय जाकर भाजपा प्रवेश कर कांग्रेस की राजनीति में खलबली मचा दी। जबलपुर महापौर जगत बहादुर अन्नू ने नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर भारतीय जनता पार्टी को जबर्दस्त शिकस्त दी थी। अन्नू ने अब कांग्रेस को करारा झटका देते हुए भाजपा की राह पकड़ ली है।

पिछले लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले राकेश सिंह जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से जीतने के बाद लोकसभा से इस्तीफा दे चुके हैं और भाजपा को जबलपुर लोकसभा क्षेत्र में नए उम्मीदवार की तलाश है तो यह भी कहा जा रहा है कि अन्नू भाजपा की टिकट पर जबलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में पराजित होने के बाद कांग्रेस को बहुत सारे झटके लगते जा रहे हैं। इसी क्रम में जबलपुर से कांग्रेस के महापौर जगत बहादुर भाजपा में शामिल हो गए। ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले यह कांग्रेस के लिए बहुत ही बड़ा नुकसान बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह जबलपुर महापौर जगत बहादुर को भोपाल में भाजपा के प्रदेश कार्यालय लेकर पहुंचे। जहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई।

कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महापौर जगत बहादुर अन्नू ने भाजपा में आने का फैसला लिया और समझा जा रहा है कि भाजपा उन्हें लोकसभा चुनाव में जबलपुर से प्रत्याशी बना सकती है। जिस तरह से राकेश सिंह ने जबलपुर महापौर अन्नू का भाजपा प्रवेश कराया है उससे भी इस बात को बल मिल रहा है कि अन्नू को जबलपुर लोकसभा टिकट मिल सकती है। क्योंकि राकेश सिंह लगातार जबलपुर सांसद रहे हैं और उन्होंने जबलपुर पश्चिम से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद लोकसभा की सीट छोड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *