विष्णुदेव मंत्रिमंडल में 9 मंत्री शामिल…

0 बृजमोहन, रामविचार, दयालदास, केदार कश्यप, लखनलाल, श्यामबिहारी, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा ने ली शपथ
0 विष्णु मंत्रिमंडल में लक्ष्मी एकमात्र महिला मंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ के विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का आज पूर्वांन्ह विस्तार हुआ। राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने 9 नये मंत्रियों को शपथ दिलाई। सर्वप्रथम छत्तीसगढ़ में लगातार 15 वर्ष मंत्री रहे रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। उनके बाद भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व में सरकार के कई विभाग संभाल चुके रामविचार नेताम को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनके बाद नवागढ़ विधायक व पूर्व मंत्री दयालदास बघेल को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनके बाद नारायणपुर विधायक तथा 15 साल मंत्री रहे केदार कश्यप ने मंत्री पद की शपथ ली। उनके बाद कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। उनके बाद मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनके पश्चात रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी तथा उनके बाद भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े और अंत में बलौदाबाजार विधायक टंकराम वर्मा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। शपथ समारोह का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित भाजपा के सभी विधायक एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। शपथ समारोह के दौरान सभी मंत्रियों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *