पहली कैबिनेट आवासहीनों के नाम…

0 विष्णुदेव सरकार का फैसला, 18 लाख आवास मंजूर

0 प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री का ऐलान, पूरी होंगी मोदी गारंटियां

0 उप मुख्यमंत्री द्वय साव – शर्मा भी मीडिया से रूबरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय कैबिनेट की पहली बैठक राज्य के आवास हीनों के नाम समर्पित रही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी कि कल सरकार गठित हुई है और आज मंत्रिमंडल की पहली बैठक में राज्य के आवासहीनों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवास निर्माण को मंजूरी दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि किसानों को 2 साल का बकाया बोनस 25 दिसंबर को देने का वादा है तो यह निश्चित रूप से पूरा होगा। पांच साल में मोदी जी की सभी गारंटियां पूरी होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति बिगाड़ दी। अब डबल इंजन की सरकार जनता ने चुनी है तो स्थिति सुधरेगी और जनता से किए गए वादे पूरे होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने संवाददाता सम्मेलन में जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश के मतदाताओं ने भाजपा पर बहुत बड़ा विश्वास किया है। कल्पना से भी बड़ी सफलता दिलाई है। कल ही नई सरकार का शपथ समारोह था। हम लोगों ने शपथ ली। ऐसे में सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आशीर्वाद देने पधारे थे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री पधारे थे। हम इन सभी के भी आभारी हैं।

उन्होंने बताया कि शपथ समारोह के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में मोदी गारंटी पूरी करने का काम शुरू हो गया है। सबसे पहले जो गरीब 18 लाख आवास से वंचित हो गए थे, उन्हें आवास मिलेंगे। प्रधानमंत्री जी ने भी गरीबों को आवास देने का वादा किया है। हमने पहला काम 18 लाख आवास निर्माण को स्वीकृत करने का किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ को आर्थिक तौर पर खोखला कर दिया लेकिन हम शत प्रतिशत वादा पूरा करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 25 दिसंबर को 2 साल का बकाया बोनस देंगे। धान के मूल्य के बारे में उन्होंने कहा कि मोदी गारंटी के सभी वादे पूरे होंगे। मुख्यमंत्री ने आदिवासी पट्टी में भाजपा को मिली अपार सफलता के संदर्भ में कहा कि आदिवासी समाज का मान सम्मान भाजपा ने बढ़ाया है। हमारी पहले की सरकार ने 15 साल तक आदिवासियों के हित में काम किया। उन्हें भुखमरी से बाहर निकाला। सस्ता अनाज देने का काम शुरू किया। हमारे रमन सिंह चांउर वाले बाबा के नाम से विख्यात हुए। हमने आदिवासी क्षेत्रों में विकास के सभी काम किए हैं। हमने आदिवासी समाज से देश की राष्ट्रपति बनाई हैं। हमारी केंद्र सरकार ने आदिवासियों के लिए पृथक से मंत्रालय बनाया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पिछली सरकार की योजनाओं के संबंध में सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सभी योजनाओं की समीक्षा करेंगे और उचित निर्णय लेंगे।

धर्मांतरण के सवाल पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछली सरकार ने धर्मांतरण को बढ़ावा दिया। हमारी सरकार सोचेगी कि कैसे हम इस पर रोक लगाएं। नक्सलवाद के बारे में उन्होंने कहा कि हमारी 15 साल की सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ी थी और अब भी हम मजबूती से लड़ेंगे। पीएससी घोटाले के बाबत उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी ने कहा है। यह स्पष्ट है कि हम उचित कदम उठाएंगे।

मुख्यमंत्री के संवाददाता सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *