कार्यकर्ता पूरी ताकत से डटे रहे पूरी भाजपा स्व: रतन दुबे के परिवार के साथ है हम नक्सलवाद का सफाया करेंगे: ओम माथुर

0 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राज नही आतंक राज – साव

0 भाजपा को सत्ता में आने से रोकने का एक और षड़यंत्र – डॉ. रमन

0 सरकार बनते ही कर देंगे नक्सलवाद का सफाया – चंदेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ,भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, बस्तर प्रभारी संतोष पांडेय, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने नारायणपुर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं चुनाव संयोजक रतन दुबे की टारगेट किलिंग की घोर निंदा करते हुए लोकतंत्र के लिए शहीद हुए रतन दुबे को विनम्र श्रध्दांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि भाजपा उनके परिवार के साथ है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं माथुर ने कहा कि नक्सलियों को लग रहा है कि भाजपा आएगी तो उनका सफाया होगा इसीलिए वह इसमें रोड़ा अटकाने का प्रयास कर रहे हैं कार्यकर्ता पूरी ताकत से डटे रहें भारतीय जनता पार्टी स्वर्गीय रतन दुबे के परिवार के साथ खड़ी है हम निश्चित ही नक्सलवाद का सफाई करेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा कि रतन दुबे पर नक्सली हमला उस टारगेट किलिंग के सिलसिले की नई कड़ी है जो नक्सलवाद की पोषक कांग्रेस सरकार के संरक्षण में लगातार जारी है। कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ से उखड़ चुकी है इसलिए हिंसा को बढ़ावा देकर भय का माहौल बनाने की जिम्मेदारी परोक्ष रुप से नक्सलियों को सौंप दी गई है। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को खुली धमकी देकर मौत के घाट उतारा जा रहा है और तमाम वारदातों के बावजूद कांग्रेस की सरकार हाथ पर हाथ रखे बैठी है। यह टारगेट किलिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चुनाव के दौरान जिस तरह से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है वह लोकतंत्र की हत्या की साजिश का प्रमाण है। जिस तरह से केन्द्रीय बलों को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार यहां सुरक्षा के लिए तैनात होने से रोकना चाहती है उससे जाहिर हो रहा है कि कांग्रेस अलोकतांत्रिक तरीके से अपनी सरकार को बचाए रखना चाहती है। लेकिन बस्तर और छत्तीसगढ़ की जनता ने यह ठान लिया है कि धर्मांतरण और नक्सलियों की पोषक सरकार को उखाड़कर फेंक देंगे।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पूरे देश में नक्सली हिंसा सिमट चुकी है लेकिन छत्तीसगढ़ में वनांचल में कांग्रेस सरकार की सोची समझी साजिश के तहत अंकुश नहीं लगाया गया है ताकि चुनाव में नक्सली हिंसा का तांडव कराकर चुनाव को प्रभावित किया जा सके भय का माहौल बनाया जा सके और भाजपा को सत्ता में आने से रोका जा सके। यह षड़यंत्रकारी सरकार यह जान ले कि भाजपा संघर्षों के गर्भ से उत्पन्न हुई है। हमारा कार्यकर्ता किसी भी षड़यंत्र का मुकाबला करने में सक्षम है। हमारा कार्यकर्ता जान की बाजी लगाकर लोकतंत्र की स्थापना के लिए काम कर रहे है और इसी जिम्मेदारी को निभाते हुए रतन दुबे ने शहादत दी है उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर नक्सली हमले इसलिए कराये जा रहे है कि वे चुनाव में कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल न बना सके। यही वजह है कि आज सभा में जनता को संबोधित करते हुए रतन दुबे की सरेआम कुल्हारी मारकर निर्मम हत्या करवा दी गई।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि कांग्रेस जनता द्वारा ठुकराई जा रही है। भ्रष्टाचार की कालिख से पुती कांग्रेस सरकार अंतिम सांसे गिन रही है जिस तरह दिया बुझने से पहले भभकता है उसी तरह इस प्रकार की नक्सली हिंसा सामने लाई जा रही है। अब तब हमारे जितने नेताओं कार्यकर्ताओं की हत्या षड़यंत्रपूर्वक करायी गई है हम उनकी पुण्य आत्मा को साक्षी मानकर संकल्प लेते है कि भाजपा की सरकार बनते ही नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा और नक्सलियों के राजनीतिक रिश्तेदारों की भूमिका बेनकाब करके उन्हें भी कानून के हवाले किया जाएगा।

भाजपा संगठन के बस्तर संभाग प्रभारी सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि नारायणपुर जिले में भाजपा की ओर से लोकतंत्र के जांबाज सिपाही रतन दुबे का बलिदान भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता के लिए संघर्ष की प्रेरणा देगा। रतन दुबे ने लोकतंत्र के धर्मयुध्द में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है उनका बलिदान बस्तर और छत्तीसगढ़ हमेशा याद रखेगा।

भाजपा ने अपने शहीद कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए कहा कि 16 जनवरी 2023 को कांकेर में भाजपा नेता बुधराम करटाम की संदिग्ध मौत हुई थी। 05 फरवरी 2023 को बीजापुर जिले के भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम की नक्सलियों ने शादी समारोह में जाकर हत्या कर दी थी। 10 फरवरी 2023 को नारायणपुर जिला के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की नक्सलियों ने घर में घुसकर हत्या कर दी। 11 फरवरी 2023 को दंतेवाड़ा के पूर्व उपसरपंच रामधर अलामी की हत्या नक्सलियों ने की। 21 जून 2023 नक्सलियों ने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री काका अर्जुन की गला रेतकर हत्या कर दी। 21 अगस्त 2023 को भाजपा नेता महेश गोटा को अगवा कर लिया गया था। 18 अगस्त 2023 को बीजापुर जिले के चिन्नागेलुर निवासी रामा पूनेम की नक्सलियों ने हत्या की। 20 अक्टूबर 2023 को मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता बिरजु तारम की हत्या की गई और आज नारायणपुर में जिला उपाध्यक्ष और चुनाव संयोजक रतन दुबे की हत्या इस बात का खुला प्रमाण है कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए चुन-चुन कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मारा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *