जगदलपुर के कांग्रेस अखाड़े से एक पहलवान बाहर…

0 रेखचंद को अपने काम पर भरोसा

(अर्जुन झा) जगदलपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान और भाजपा की दूसरी सूची जारी होने के बाद कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित होने का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। छत्तीसगढ़ में 2 चरणों में चुनाव होगा। 7 नवंबर को बस्तर की 12, राजनांदगांव व कवर्धा की 8 सीटों सहित 20 सीटों के लिए मतदान होगा। शेष 70 सीटों पर 17 नवंबर को वोटिंग होगी। बस्तर की सभी सीटों पर पहले चरण में मतदान होगा। भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। बस्तर संभाग की एक दर्जन सीटों में एकमात्र सामान्य सीट जगदलपुर से भाजपा ने किरण देव को प्रत्याशी बना दिया है। कांग्रेस की ओर से मौजूदा विधायक रेखचंद जैन सहित चार दावेदार मुख्य रूप से सामने आए। जिनमें से एक दावेदार टिकट की रेस से बाहर कर देने के बाद तीन नामों पर गहन विचार विमर्श का दौर राज्य के स्तर पर चला और अब दिल्ली में होने वाले फैसले पर सभी दावेदारों की निगाह लगी हुई है। चुनाव की तारीख का ऐलान होने की पूर्व संध्या पर खबर थी कि कांग्रेस चुनाव समिति ने 90 में से 65 सीटों पर सिंगल नाम तय कर लिए, ऐसा दावा किया जा रहा था कि इन नामों में बस्तर की 12 सीटें भी शामिल हैं। बस्तर की जगदलपुर सीट से साढ़े सत्ताइस हजार के रिकॉर्ड अंतर से जीतने वाले विधायक रेखचंद जैन के रिपीट होने की संभावना व्यक्त की जा रही हैं। जगदलपुर की कांग्रेस राजनीति में चर्चा है कि चुनाव समिति की बैठकों के दौर में रेखचंद जैन की मजबूत दावेदारी सामने आई। वे अपने कार्यकाल में सक्रियता और लोकप्रियता के कारण रिपीट होने सक्षम माने जा रहे हैं। इधर पार्टी संगठन और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ साथ अपने काम के भरोसे रेखचंद जैन को विश्वास है कि वे पार्टी की कसौटी पर खरे उतरेंगे और अवसर मिला तो जनता की अपेक्षा पर खरे उतरेंगे। रेखचंद जैन हर रोज की तरह आज भी जनता से मेल मुलाकात में व्यस्त रहे। उनका कहना है कि वे अपने स्तर पर विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ता की हैसियत से जनता के बीच पूर्ववत सक्रिय हैं। पार्टी उचित फैसला लेगी। कांग्रेस की जीत ही हमारा संकल्प है। कांग्रेस की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *