शराबबंदी के वादे पर मातृ-शक्ति से धोखाधड़ी करने वाली प्रदेश सरकार को अब इस शराब का नशा चढ़ गया : भाजपा

0 भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राजपूत व पूर्व संसदीय सचिव पावले ने पूछा : लखमा क्या छत्तीसगढ़ की जनता को शराबी मानते हैं?

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत और पूर्व संसदीय सचिव चम्पादेवी पावले ने कांग्रेस सरकार के मंत्री कवासी लखमा के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि मंत्री लखमा अपने बयान से जिस तरह छत्तीसगढ़ की महिलाओं का अपमान कर रहे हैं, इसका खामियाजा प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भुगतना पड़ेगा। भाजपा नेत्रियों ने कहा कि गंगाजल की सौगंध लेकर पूर्ण शराबबंदी का वादा करके कांग्रेस सत्ता में आ गई। शराबबंदी के वादे पर प्रदेश की मातृ-शक्ति से धोखाधड़ी करने वाली कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार को अब इस शराब का नशा चढ़ गया है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती वर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत व पूर्व संसदीय सचिव श्रीमती पावले ने कहा कि मंत्री लखमा जो कह रहे हैं कि वह जहाँ जाते हैं वहाँ शराब दुकान खोलने की मांग आती है, तो क्या लखमा यह कहना चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ की जनता शराबी है। प्रदेश की भूपेश सरकार की शराब के कारण हजारों बहनों का सुहाग उजड़ गया, घर बिक गए, परिवार बिखर गए और प्रदेश सरकार उनके घर तक शराब पहुँचाने में लगी है। महिला नेत्रियों ने आगाह किया कि प्रदेश सरकार यह याद रखे कि छत्तीसगढ़ की बहनों का अभिशाप कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगा। प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने बड़बोलेपन से बाज आ जाए। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए संसद-विधानमंडलों में 33 प्रतिशत आरक्षण विधेयक पारित कराते हैं और दूसरी तरफ प्रदेश की कांग्रेस सरकार शराब घर-घर पहुँचाकर प्रदेश की महिलाओं का मखौल उड़ाकर अपमान कर रही है। मातृ-शक्ति के इस अपमान की कीमत चुकाने के लिए कांग्रेस और उसकी भूपेश सरकार तैयार हो जाए।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती वर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत व पूर्व संसदीय सचिव श्रीमती पावले ने कहा कि राजधानी रायपुर में एडिशनल एसपी कार्यालय के पास जयस्तंभ चौक में नाबालिग किशोरी से गैंगरेप हो जाता है। इससे अधिक दुर्भाग्यजनक और क्या हो सकता है? यह घटना कोई अचानक नहीं हुई है। लगातार प्रदेशभर में अनाचार की घटनाएँ हो रही हैं। रायपुर शहर में खुलेआम एक व्यक्ति गंडासा हाथ में लिए लड़की को लेकर घूमता है और सरकार हाथ-पर-हाथ धरे बैठे रहती है। जिस प्रकार से घटनाएँ हो रही हैं, अब तो सिर्फ मुख्यमंत्री निवास ही बचा है। भाजपा नेत्रियों ने कहा कि गोबर खरीदी और वर्मी व सुपर कम्पोस्ट खाद के नाम पर महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन की डींगें हाँकती प्रदेश सरकार की जमीनी सच्चाई यह है कि जगदलपुर में शहरी गौठान में गोबर से वर्मी और सुपर कम्पोस्ट खाद बनाने वाली महिलाएँ परेशान हैं, क्योंकि खाद बनाने के बाद इन महिलाओं को न तो पैसा ही मिल रहा है और न ही उन्हें यह बताया जा रहा है कि कितने रुपए की खाद बेची गई? विवश महिलाओं ने त्रस्त होकर गुरुवार को अंतत: जगदलपुर नगर निगम के सामने धरना दिया। भाजपा नेत्रियों ने इस बात पर भी गहरा क्षोभ व्यक्त किया कि ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ का नारा देने वाली प्रियंका वाड्रा छत्तीसगढ़ में होते हुए एक शब्द भी नहीं कहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *