कंफ्यूज कांग्रेस में छिड़ा है गृहयुद्ध – सावंत

0 भूपेश पर जमकर गरजे गोवा के मुख्यमंत्री

0 शैलजा बताये कहां गई कांग्रेस टिकट की लिस्ट

रायपुर। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा में उमड़ रहे जन-सागर को देखकर कांग्रेस दहशत में आ गई है और अब वो मान चुकी है कि छत्तीसगढ़ में अब वे सत्ता में नहीं आने वाले है, उन्हें लूट करने का मौका नहीं मिलने वाला है। श्री सावंत ने कहा कि भाजपा ने जब 21 प्रत्याशियों की घोषणा की तब कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा था कि 6 सितम्बर को कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। आज 16 सितम्बर है, और अब तक कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित नहीं हुए है। यह स्पष्ट है कि कांग्रेस हार के भय से पूरी तरह कॅन्फ्यूज हो चुकी है। कांग्रेस में प्रतिदिन केवल लड़ाइयों की खबरें आ रही हैं।

गोवा के मुख्यमंत्री श्री सावंत ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए जा रहे घोटालों से पूरे देश की जनता हैरान है। केन्द्र सरकार की राज्य को पूरी मदद मिलने के बावजूद राज्य की जनता तक कांग्रेस पैसा नहीं पहुंचने देती। अब अगर केन्द्र द्वारा भेजी जा रही सहायता जनता को चाहिए तो जरूरी हो गया है कि छत्तीसगढ़ में भी डबल इंजन की सरकार लानी होगी। केन्द्र एवं प्रदेश, दोनों में भाजपा की सरकार होने से छत्तीसगढ़ तेज गति से विकास करेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आकांक्षा के अनुरूप यहाँ भी सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। श्री सावंत ने शनिवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का विजन रखते हुए आगामी 25 वर्षों में भारत को समृद्ध करने का लक्ष्य तय किया है। श्री सावंत ने कहा कि किसानों के इस प्रदेश में केन्द्र सरकार ने कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद 74 हजार करोड़ रुपए की राशि धान की खरीदी पर दी है एवं पिछले 5 वर्षों में 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं करों की हिस्सेदारी के रूप में दी है।

श्री सावंत ने धान खरीदी और सेंट्रल पूल में लिए जा रहे चावल को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा फैलाये जा रहे झूठ पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों द्वारा उत्पादित धान का शत प्रतिशत चावल केन्द्र सरकार खरीदेगी। अब भी छत्तीसगढ़ की कुल उपज का 80 फीसदी से ज्यादा मूल्य केंद्र सरकार दे रही है। 2500 रुपए में धान खरीदी के दावे करके जिस तरह प्रदेश सरकार झूठे दावे कर रही है उसी तरह चावल खरीदी को लेकर भी कांग्रेस की सरकार झूठ बोल रही है। मोदी सरकार प्रदेश की जनता के लिए भरपूर पैसा दे रही है, लेकिन कांग्रेस की सरकार सारा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाकर गांधी परिवार की सेवा में लगा रही है।

मुख्यमंत्री श्री सावंत ने कहा कि कांग्रेस शासन की विफलता, जन घोषणा पत्र से वादाखिलाफी व सरकार में चल रहे भ्रष्टाचार, इन्हीं तीन बड़े मुद्दों के साथ भाजपा परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। 2 हजार करोड़ रुपए का शराब घोटाला, 1300 करोड़ रुपए से अधिक का गौठान घोटाला कर चुकी छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना में भी भ्रष्टाचार की सारी हदें लांघ दीं। कोरोना काल में ‘प्रत्येक व्यक्ति’ के लिए 5 किलो अतिरिक्त मुफ्त चावल केंद्र ने भेजा परंतु भूपेश सरकार ने उसमें भी गबन करके 5 हजार करोड़ रुपए से अधिक का घोटाला कर डाला। श्री सावंत ने कहा कि जल जीवन योजना के तहत प्रत्येक घरों में स्वच्छ जल पहुंचने के लिए केंद्र की योजना में कमीशन का खेल होने के कारण टेंडर रद्द हो गया। प्रदेश सरकार की अकर्मण्यता और कमीशनखोरी के चलते आज इस योजना में छत्तीसगढ़ देश में 28 वें स्थान पर है। ईडी ने 2000 करोड़ से अधिक का शराब घोटाला उजागर किया जिसमें मुख्यमंत्री के खास महापौर एजाज ढेबर के भाई अनवर गिरफ्तार हुए। ईडी ने बताया कि यह पैसा वे अपने ‘पॉलिटिकल मास्टर’ को भेजते हैं।

मुख्यमंत्री श्री सावंत ने कोयला घोटाला की चर्चा करते हुए कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री सचिवालय की उपसचिव सौम्या चौरसिया पिछले कई महीनों से जेल में बंद है। उसके साथ दो आईएएस अफसर को भी गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अभी तक 500 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की जा चुकी है। श्री सावंत ने कहा, महादेव सट्टा एप को लेकर प्रदेश के युवाओं को सट्टा के दलदल में फँसाने वाले गेम के लिए मुख्यमंत्री के सबसे खास विनोद वर्मा पर आरोप लगे हैं। पुलिस मुख्यमंत्री से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। श्री सावंत ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी और विश्वासघात पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि गंगाजल हाथ में लेकर कसम खाकर पूर्ण शराबबंदी का वादा करने वाली कांग्रेस की सरकार ने वादाखिलाफी और प्रदेश की मातृ-शक्ति के साथ विश्वासघात कर घर-घर शराब पहुंचाने की व्यवस्था की। कोरोना काल तक में कांग्रेस की इस भूपेश सरकार ने शराब की नदियाँ बहाने का शर्मनाक कृत्य किया। इसी प्रकार दैनिक, संविदा, अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का वादा करके उसे अब तक पूर्ण नहीं किया।

गोवा के मुख्यमंत्री श्री सावंत ने कहा कि 10 लाख बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया, लेकिन चुनाव देखकर अभी शुरुआत की है और इसमें भी अपनी जटिल शर्तें थोपकर बेरोजगारों के साथ छल-कपट किया है। महिला समूहों को कर्ज माफ की बात की थी, वह पूरा न कर उनसे रेडी टू ईट का संचालन भी छीन लिया। श्री सावंत ने कहा कि कांग्रेस का जन घोषणा पत्र बनाने वाले संयोजक टी.एस. सिंहदेव, जो अभी उपमुख्यमंत्री है, स्वयं कहते हैं कि हमने 12 वादे पूरे किए, 12 पर काम चल रहा है और 12 वादों पर हम अभी काम शुरू नहीं कर पाए हैं। केद्र सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना लागू किये जाने से हुए लाभ और प्रदेश सरकार की विफलताओँ का जिक्र श्री सावंत ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में इलाज के अभाव में 39000 से अधिक बच्चों की मौत प्रदेश सरकार के स्वास्थ्यगत ढाँचे की विफलता का जीता-जागता प्रमाण है। इसी प्रकार केंद्र द्वारा पैसे भेजने के बावजूद राज्यांश न देने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 16 लाख ग्रामीण आवास नहीं बँट पाए। इसी प्रकार महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार बुरी तरह विफल रही है। अनुसूचित जाति, जनजाति व अन्य महिलाओं के साथ लगातार दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं कांग्रेस के शासनकाल में लगातार बढ़ी हैं। बढ़ते अपराधों ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और कानून के राज का मखौल उड़ाया है, छत्तीसगढ़ में जंगलराज कायम हो गया है।

पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री जगदीश (रामू) रोहरा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, रायपुर (शहर) जिला भाजपा अध्यक्ष जयंतीभाई पटेल और पूर्व आईएएस गणेश शंकर मिश्रा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *