कांग्रेस ने देश को, भूपेश ने छत्तीसगढ़ को समझा है चारागाह- चंदेल

0 जनता जानती है भारत विभाजन कांग्रेस की देन

0 चीन से चंदा लेती है कांग्रेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आरोपों और दावों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश का कोई विकास नहीं किया। बल्कि विकास होने नहीं दिया। सिर्फ कमीशनखोरी की है, जल थल नभ त्रिआयामी घोटाले किए हैं। कांग्रेस ने दशकों तक देश को चारागाह समझा और यही भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को समझ रखा है। इतने घोटाले किए गए कि इन्हें घोटालाकेसरी मानकर कांग्रेसी इनका अभिनंदन कर रहे हैं। 2 हजार करोड़ का शराब घोटाला, कोल घोटाला, गोठान घोटाला, राशन घोटाले के साथ साथ हर तरह के घोटालों से उगाही करके कांग्रेस को पाल रहे हैं। छत्तीसगढ़ को एक तरफ कांग्रेस का एटीएम बना दिया गया और दूसरी तरफ अपराधगढ़। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। विकास अवरुद्ध है। जनता परेशान, कर्मचारी परेशान, किसान परेशान, युवा परेशान, महिलाएं असुरक्षित, फिर भी सावन के अंधों को सब हरा हरा दिखाई दे रहा है।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को जवाब देते हुए कहा कि भारत माता के टुकड़े होना कांग्रेस की ही देन है। खड़गे और किसी भी कांग्रेस नेता में नैतिकता नाम की कोई धारणा नहीं है। मणिपुर जल नहीं रहा है। कांग्रेस राजनीति की आग भड़का रही है लेकिन उसके घमंडिया गठबंधन की साजिश को सारे देश ने देख लिया है। मणिपुर की राजनीतिक सैर और भड़काऊ राजनीति से समस्या का कोई समाधान नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देश के गृह मंत्री अमित शाह मणिपुर का हल निकालने में सक्षम हैं। भारत सरकार पूरी गंभीरता से कदम उठा रही है। गृहमंत्री अमित शाह ने वहां जब कैम्प किया, तब खड़गे के खड़गसिंह कहां थे? जब हालात काबू में आ गए, तब तमाशेबाजी करने की होड़ लग गई। संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाये और भाग खड़े हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब दे रहे थे तो सुनने की हिम्मत नहीं हुई। मौन मोदी नहीं हैं। खड़गे इतिहास उठाकर देख लें कि मणिपुर तो कांग्रेस के राज में जला करता था। नरसिंहराव के जमाने में बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे। मनमोहन सिंह के जमाने में भी वही हुआ। न राव कुछ बोले थे और न मनमोहन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *