प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई कोर ग्रुप,मोर्चा, चुनाव समिति मैराथन बैठके

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की बुधवार को विभिन्न स्तरों पर लगातार बैठकें हुईँ जिनमें आगामी विधानसभा चुनावों के साथ-साथ सन 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक तैयारियों पर गहन विचार-मंथन हुआ। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आहूत इन सभी बैठकों में भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, विक्रम उसेंडी ,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष द्वय धरमलाल कौशिक, व गौरीशंकर अग्रवाल,पूर्व मंत्री राम विचार नेताम,महेश गागड़ा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, विधायक व पूर्व मंत्री द्वय बृजमोहन अग्रवाल व पुन्नू लाल मोहिले ने भाग लिया।

सर्वप्रथम भाजपा के सभी सभी मोर्चों की एक संयुक्त बैठक हुई जिसमें मोर्चों- को सौंपे गए दायित्वों पर किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में मोर्चा के पदाधिकारियों को आगामी चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने टास्क दिए। पदाधिकारियों ने मार्गदर्शन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार, प्रदेश के सभी वर्गों के साथ किए गए छलावे के चलते कांग्रेस के खिलाफ जनाक्रोश अपने चरम पर पहुँच चुका है और प्रदेश का जनमानस कांग्रेस को सत्ता से हटाने का मन बना चुका है। सभी मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रतिबद्ध होकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को घर-घर पहुँचाने की दृष्टि से कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करें और प्रदेशभर में प्रवास करें। भाजपा पदाधिकारियों ने मोर्चा पदाधिकारियों से प्रथम बार के मतदाताओं (फर्स्ट टाइम वोटर्स) से गहन सम्पर्क साधने को भी कहा।

बैठकों के क्रम में बुधवार को ही प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की भी अहम बैठक हुई जियमें भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल ने प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप के साथ चुनावी रणनीति के परिप्रेक्ष्य में विस्तार से चर्चा की और जरूरी बिंदुओं पर मार्गदर्शन किया। इसके बाद चुनाव संबंधी तैयारियों के लिहाज से भाजपा की नवनिर्मित विभिन्न समितियों की बैठकें हुईं, जिसमें चुनाव की दृष्टि से दायित्व सौंपे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *