भ्रष्ट भूपेश सरकार को बर्खास्त किया जाए- चंद्राकर

0 कांग्रेस सरकार ने अपने ही खजाने को लूटा- भाजपा

0 भाजपा सारे घोटालेबाजों को भेजेगी जेल- शिवरतन

0 2004 से अब तक क्या ताली बजाकर नाच रही थी कांग्रेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता तथा राज्य के पूर्व मंत्री विधायक अजय चंद्राकर और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक शिवरतन शर्मा ने आज एकात्म परिसर भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्र वार्ता में भूपेश बघेल सरकार और कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ताधारी दल कभी पहले की सरकार के घोटालों की लिस्ट जारी नहीं करते बल्कि यदि कोई घोटाले हुए हैं तो उनकी जांच कराते हैं। कांग्रेस घोटालों की लिस्ट जारी कर रही है और उसकी सरकार देश की ऐसी पहली सरकार है जिसने अपना ही खजाना लूटा है। यदि भाजपा के शासनकाल में कोई घोटाले हुए तो जब 2003 में भाजपा की पहली सरकार बनी थी, उसके कुछ समय बाद से 2014 तक कांग्रेस के मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री थे तब यह कांग्रेसी क्या ताली बजा रहे थे? 10 साल में क्यों कोई जांच नहीं कराई गई? पौने 5 साल से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। इतने समय से क्या कर रहे थे? क्या मुजरा कर रहे थे? अगर मुजरा कर रहे थे तो भूपेश बघेल यह करना छोड़ें और स्वतंत्र जांच कराएं।

भाजपा मुख्य प्रवक्ता पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि 1 दिन पहले कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने आरोप लगाए हैं 26 बिंदुओं पर। मैं कांग्रेस और कांग्रेस सरकार से यह पूछना चाहता हूं कि अब तक क्या कर रहे थे? कहां सो रहे थे? कहीं पर भी देश में सत्तारूढ़ दल घोटालों की लिस्ट जारी नहीं करते, जांच करवाते हैं।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल में हिम्मत है, नैतिकता है तो जांच करवाएं। नहीं है तो इस्तीफा दे दे और घर पर बैठे। जिन घोटालों पर बात करते हो उनके बिंदुओं पर, तथाकथित घोटाले में, जिन दो अधिकारियों के खिलाफ प्रधानमंत्री से लेकर संबंधित मंत्रालय तक चिट्ठी लिखी,वे इस सरकार के लाड़ले हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने पौने पांच साल में अरबों रुपये का घोटाला किया है। हम भूपेश बघेल की तरह घोटाले की लिस्ट जारी नहीं करेंगे। मैं विधानसभा में कह चुका हूं कि इनकी जांच के बाद इनको जेल भेजेंगे। 2 अधिकारियों को क्या गुरुमंत्र लेने के लिए रखे हैं। वह सरकार में की पोस्ट पर हैं।

श्री चंद्राकर ने कहा कि प्रियदर्शनी इंदिरा बैंक घोटाले की जांच हो रही है। उसके फाउंडर कौन थे। महिलाएं हैं इसलिए उनका नाम नहीं लूंगा। भूपेश बघेल बताएं कि कौन-कौन से परिवार की महिलाएं हैं। कांग्रेस से संबंध रखती है कि नहीं रखती है? जिनके नाम उमेश सिन्हा ले रहे हैं, वे लोग जो गवाही में थे, क्या कांग्रेसी परिवार की महिलाओं के नाम सामने आएंगे? स्वतंत्र जांच एजेंसी से जांच कराएं। 2000 करोड़ के शराब घोटाले में चार्जशीट दाखिल हो गई है यह तो आरंभिक जांच है। जो इसका सरगना बताया जाता है वह किस पार्टी का है? ऐसा स्थापित घोटाला कहीं नहीं हुआ। ऐसी चोर सरकार देश में कहीं भी नहीं है जो अपना ही खजाने लूट रही है। एक भाई प्रदेश को लूट रहा है एक भाई रायपुर को लूट रहा है।

लेवी वसूली में अफसर शामिल रहे।क्या कोई सरकार लेवी वसूलती है। सारे स्थापित सत्य हैं कि कोयले में अवैध वसूली की गई। मुख्यमंत्री इन लोगों की सफाई पेश करते हैं। वह इन लोगों के पक्ष में कांग्रेस प्रवक्ता की तरह विधानसभा में सफाई दे रहे थे।

डीएमएफ फंड में लगभग 250 करोड़ का घोटाला किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम विधानसभा में रो-रो कर बोले कि कोंडागांव में लूटा गया। कोई काम नहीं हुआ लेकिन एक जांच की घोषणा नहीं हुई। क्योंकि प्रदेश के बड़े नेता का रिश्तेदार वहां ईई है। अधोसंरचना उन्नयन प्राधिकरण बनाया है। यह किसी में पंजीकृत नहीं है। कोरोनावायरस के समय शराब पर सेस लगाया। साढ़े 23 सौ करोड़ वसूले गए। अधोसंरचना बोर्ड को जो पैसा दे दिया, उसका कहां खर्च कर दिया। यह भूपेश बघेल का जेब खर्च है। सेस के करोड़ों रुपए से एक पैसा स्वास्थ्य विभाग को नहीं दिया कहां गया पैसा?

नरवा गरवा घुरवा बाड़ी फ्लैगशिप योजना है। मुख्यमंत्री जादू कर रहे हैं। एक पैसे का बजट नहीं है। 10000 गोठान में 25 हजार करोड़ का घोटाला है। सारा पैसा केंद्र का है। जिस दिन भाजपा सरकार आएगी सीबीआई से घोटालों की जांच करवाएगी। यह कांग्रेसी जेल जाने के लिए तैयार रहें।

तेंदूपत्ता में कांग्रेसी ठेकेदारों के द्वारा जीएसटी की चोरी की जाती है। 25 सौ रुपए में धान खरीदते हैं ढाई लाख टन चावल 700 में नीलाम कर दिया गया। 6000 करोड़ की अफरा-तफरी हुई ।चावल घोटाले राशन घोटाले की रिपोर्ट सदन में रखने की हिम्मत नहीं हुई। सत्रावसान कर दिया गया। जल जीवन मिशन घोटाला किया गया। कस्टम मिलिंग घोटाला किया गया। राइस मिलर के साथ हर चीज में पैसा खा रहे हैं। महासमुंद में कन्या विवाह में भी घोटाला हो गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की साड़ी में 150 करोड़ से ज्यादा का घोटाला हुआ। जल जीवन मिशन में 200 करोड़ की पेनल्टी माफ कर दी गई। क्यों कर दी गई, किसके कहने पर कर दी गई? लोक मासिक पत्रिका जबरदस्ती खरीदवाई जाती है उसका संपादक कौन है वह सरकारी है कि प्राइवेट है यदि प्राइवेट है तो पत्रिका क्यों ख़रीदवाई जा रही है तेंदूपत्ता पर
1897126 बेरोजगार हैं। ढाई हजार रुपए मासिक के हिसाब से 5690 करोड़। पहली किस्त 58 करोड़ की जारी की गई दूसरी किस्त 26 करोड़ की। यह लोगों के सपनों को तोड़ने का घोटाला है। युवाओं के सपनों को बर्बाद करने वाली सरकार है। जितने परीक्षार्थी बैठते हैं उससे ज्यादा के रिजल्ट व्यापमं जारी कर देता है। पीएससी में भी घोटाला हुआ। भूपेश बघेल सरकार का चमत्कार है यह। 18 दिसंबर के बाद भाजपा की सरकार शपथ लेगी और पहला काम यह घोटाले करने वाले लोग जेल में जाएंगे। हम कांग्रेस की तरह गाल नहीं बजाएंगे।

कांग्रेस ने जो घोटाले की लिस्ट जारी की है, वह भी एक घोटाला है। बिजली का उत्पादन घट गया। सिंचाई का रकबा घटा दिया। किसानों को खाद नहीं मिल रहा। यह प्राइवेट सेक्टर को खाद देते हैं। खाद की कालाबाजारी चल रही है। कांग्रेस के हो तो पूरी नदी की रेत साफ कर सकते हो, गुंडागर्दी कर सकते हो, सबसे ज्यादा आत्महत्या हो रही है, सबसे ज्यादा हत्या हो रही है, सबसे ज्यादा सामूहिक हत्या हो रही है। 1 मिनट भी कुर्सी पर रहने का अधिकार नहीं है। इस सरकार को बर्खास्त करने की मांग केंद्रीय गृहमंत्री से करेंगे भ्रष्टाचार और लूट चरम सीमा पर है। कांग्रेस ठेका पद्धति की सरकार चला रही है। सारे भ्रष्टाचार का ठेका दिया गया है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा कि मोहन मरकाम ने विधानसभा में जो डीएमएफ घोटाले का विषय रखा, मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने डीएमएफ घोटाले की जांच की मांग की थी, क्या भूपेश बघेल ने जयसिंह अग्रवाल की चिट्ठी पर जांच कराई? क्या बे कार्रवाई करेंगे? टीएस सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री बना दिया। जब उन्होंने पंचायत विभाग के मंत्री से इस्तीफा दिया था, तब सवाल उठाए थे। आरोप लगाया था कि भूपेश बघेल सरकार के चलते छत्तीसगढ़ के 8 लाख गरीब परिवार प्रधानमंत्री आवास से वंचित हैं। छत्तीसगढ़ में इस पर मुख्यमंत्री क्या बोलेंगे? उनका कहना था कि उनके विभाग में स्ट्राइक कराई गई, इस पर मुख्यमंत्री क्या कहेंगे? पीएससी घोटाले की बात है तो जिसे पीएससी का चेयरमैन बनाया गया क्या उसे चेयरमैन बनाने से पहले उसका ट्रेक रिकॉर्ड चेक किया गया था? उस के खिलाफ कितने आरोप थे कितने आरोपों पर जांच चल रही थी। इस सरकार में वे सिरमौर हैं जिन पर भूपेश बघेल ने कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी थी। जो व्यक्ति भाजपा सरकार में आरोपी बनाने लायक था, वह भूपेश बघेल सरकार में क्या कर रहे हैं? पूरे छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ की रेत रॉयल्टी चोरी हुई है।कांग्रेस के बड़े नेताओं ने यह किया है। उन्होंने कहा कि प्रियदर्शनी घोटाले में जांच करो हमें कोई आपत्ति नहीं है जो संचालक मंडल के सदस्य हैं, क्या उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। एक भी एसआइटी की रिपोर्ट नहीं आई। बहुत शर्मनाक स्थिति है कि सत्तारूढ़ पार्टी के प्रवक्ता पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगाएं। आपको अधिकार कार्यवाही कराने का है। आरोप लगाने का अधिकार नहीं है। आपको कार्यवाही करने से रोका किसने? भ्रष्टाचार और किसी कार्य में हुई त्रुटि में अंतर नहीं जानते। भूपेश बघेल की सरकार पूरी तरह से भ्रष्ट है। जिस दिन भाजपा की सरकार बनेगी उस दिन सब भ्रष्टाचारियों को जेल में डाल देंगे। इनके कई अधिकारी 6 माह से जेल में हैं। सुप्रीम कोर्ट से तक जमानत नहीं मिल पाई, यह इनके भ्रष्टाचार का प्रमाण है।

पत्र वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी व सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *