चंद्राकर भी अलीबाबा गैंग के सदस्य- शुक्ला

0 हिम्मत है तो भाजपा के घोटालों की जांच कराने की मोदी से करें मांग

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता तथा पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की पत्र वार्ता के जवाब में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की पूर्ववर्ती रमन सरकार पर एक लाख करोड़ के भ्रष्टाचार के प्रामाणिक आरोप कांग्रेस ने लगाए हैं। यदि भाजपा में साहस है तो प्रधानमंत्री से कहें कि नान घोटाले, चिटफंड घोटाले, पनामा पेपर, गौशाला घोटाले, रमन राज में हुए शराब घोटाले की सीबीआई और ईडी से जांच करवाएं। यह क्यों डर रहे हैं। इन्हें किस बात का डर है।

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि अजय चंद्राकर भी उसी अलीबाबा चालीस चोर गैंग के सदस्य थे जो 15 साल तक छत्तीसगढ़ में चला था। अब यह किस नैतिकता की बात कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस छत्तीसगढ़ की जनता द्वारा दिए गए दो तिहाई बहुमत के जनादेश के साथ सरकार चला रही है। कोई भाजपा के रहमो करम पर सरकार नहीं चल रही है। भाजपा ने तो देश भर की अन्य राज्य सरकारों के समान छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को भी अस्थिर करने की कोशिश की लेकिन उसके मंसूबे पूरे नहीं हुए। भाजपा के नेता जवाब दें कि उन्होंने जो भ्रष्टाचार किया, उसका क्या हिसाब है। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार की जो गीदड़ धमकी दे रही है उससे काम नहीं चलने वाला। भाजपा बताए कि केंद्रीय मंत्रियों ने पिछले एक पखवाड़े से छत्तीसगढ़ में जो दौरे किए हैं, उनमें अपने विभाग के बारे में एक शब्द भी किसी ने क्यों नहीं कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *