भीख मांगने से नहीं, वीर सपूतों की आहुति से देश आजाद हुआ- देवलाल ठाकुर

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि पुरखौती सम्मान यात्रा पर अनर्गल टीका टिप्पणी करने वाले कांग्रेसी कान खोलकर सुन लें कि आजादी भीख मांगने से नहीं मिली। जब देश के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी, तब देश आजाद हुआ। कांग्रेस के नेता तो अपने गोरे मालिकों की सेवा में लगे थे। यही लोग अंग्रेजों के दलाल थे, जिन्होंने भारत विभाजन करवाने की अंग्रेजी हुकूमत की ख्वाहिश को परवान चढ़ाया। आज उन्हीं के वंशज राष्ट्र भक्त पुरखों का अपमान कर रहे हैं। ऐसी राजनीतिक धूर्तता इसलिए दिखा रहे हैं कि ये गोरों की बनाई पार्टी के हैं। इनके डीएनए में गोरों की गुलामी और राष्ट्रवादियों के अपमान का संस्कार है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने बताया कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा के द्वारा अंतागढ़ से शहीद वीर नारायण सिंह की कर्मभूमि से पुरखौती सम्मान यात्रा प्रारंभ की गई है, जो अंतागढ़ केवटी दुर्गकोन्दुल होते हुए पखांजुर रवाना हुई, जिसमें मुख्य रूप से कांकेर जिला भाजपा अध्यक्ष सतीश लाठिया, पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा पूर्व विधायक भोजराज नाग, पूर्व विधायक सुमित्रा मरकोले, शैलेन्द्र सिंह पुनिया सहित आदिवासी समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।

देवलाल ठाकुर ने कहा कि भारत को आजाद कराने में कई शहीद शामिल हैं। उन शहीदों को भारत के मानचित्र पर लाने और सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सब को संकल्पित किया है कि आजादी के ऐसे महानायकों को सामने लाकर सम्मान दिया जाए जिसमें मुख्यतः आदिवासी समाज के महानायक ही हैं जो आजादी की लड़ाई में शहीद हुए।

श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आजादी की लड़ाई में सिर्फ एक परिवार का ही गुणगान करती है। हमारे आदिवासी समाज के शहीदों के बलिदान को भुला देती है। भाजपा जनजाति मोर्चा ने उन आदिवासी पुरखों को सम्मान देने के लिए यह पुरखौती सम्मान यात्रा निकाली है। हम सब आदिवासियों को अपने संस्कार संस्कृति की रक्षा के लिए एक साथ आगे आने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *