बेकाबू बस पलटने से 2 यात्रियों की मौत, दो दर्जन घायल, 7 की हालत नाजुक…

रायगढ़। घरघोड़ा के पास बेकाबू होकर एक यात्री बस पलट गई। जिससे 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 24 यात्री घायल हैं, जिनमें से 7 लोगों की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा से रायगढ़ के बीच चलने वाली बस आज सुबह घरघोड़ा के चारभांठा के पास बेकाबू होकर पलट गई। बस में 26 यात्री सवार थे, जिनमें 10 महिलाएं, 14 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। मामूली रूप से घायल यात्रियों को घरघोड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल 7 यात्रियों का इलाज जारी है।
राहगीरों ने सड़क हादसे की सूचना घरघोड़ा पुलिस को दी। बदन बस सर्विस द्वारा ठेके पर संचालित नगर निगम की इस सिटी बस का चालक प्रदीप पैकरा फरार हो गया। एक मृतक का नाम गिरी प्रसाद बताया जा रहा है और पंडरी झरिया निवासी एक अन्य व्यक्ति की मृत्यु हुई है। बस के नीचे दबने से इस व्यक्ति का शव क्षत विक्षत हो गया है, जिसके कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। गंभीर रूप से घायलों में सावित्री राठिया, अंजोर सिंह राठिया निवासी चिमटापाली, राजेश महंत बस कंडक्टर, मुस्कान निषाद डेढ़ साल, आदित्य निषाद दोनों निवासी बरमकेला का इलाज रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से घायल जय निषाद को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यात्रियों ने बताया कि बस ड्राइवर की लापरवाही से यह हादसा हुआ। गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी। उन्होंने तेज वाहन चलाने से मना किया लेकिन वह नहीं माना और बस पलट गई। फरार ड्राइवर की तलाश पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *