ईडी जांच कर रही है, जो भी दोषी होंगे, उन पर कार्रवाई होगी- साव

0 कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी, छत्तीसगढ़ में चल रही घोटाला सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि ईडी भ्रष्टाचार की जांच कर रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, सब के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यह घोटालों की सरकार है और इसकी पोल अब खुलती जा रही है। अब तक ईडी ने जो भी कार्रवाई की है, जो गिरफ्तारी की है, किसी की भी न्यायालय से जमानत नहीं हुई।इसका मतलब यह हुआ कि ईडी ने न्यायालय के सामने मजबूत साक्ष्य रखे हैं। इस कारण से जमानत नहीं हो रही और जांच लगातार जारी है। अब तक 221 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच करने की जानकारी ईडी ने सार्वजनिक की है। ईडी की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर चल रही है। हम सब ने यह भी देखा है कि मुख्यमंत्री की उप सचिव की भी गिरफ्तारी हुई है। यह बता रहा है कि कहां तक भ्रष्टाचार का जाल फैला हुआ है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि ईडी प्रेस रिलीज करके तथ्यों के साथ जनता को बता रही है कि क्या क्या कार्रवाई की है। जिस प्रकार से ऑर्गेनाइज क्रिमिनल सिंडीकेट बनाकर इतना बड़ा शराब घोटाला किया है और इतने विशेषज्ञ हो गए हैं कि झारखंड सरकार इस सिस्टम को सीखने छत्तीसगढ़ आई। घोटालों के खुलने का सिलसिला प्रारंभ है। हम शुरू से कहते रहे हैं कि घोटाले दर घोटाले हो रहे हैं। आने वाले समय में और भी घोटाले सामने आएंगे। एक बात स्पष्ट तौर पर कहता हूं कि यह जो शराब घोटाला ईडी ने पकड़ा है, आम लोगों को पता था कि 800 शराब दुकानों में दो काउंटर चलते हैं। जब एजेंसियां जांच कर रही हैं, सबूत के साथ घोटाला मिल रहा है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। आज छत्तीसगढ़ में जो भ्रष्टाचार हो रहा है इतने घोटाले और भ्रष्टाचार किसी राज्य में नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *