कांग्रेस संविधान में कई अहम संशोधन…

0 कांग्रेस थर्ड जेंडर को भी देगी सदस्यता

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस के 85 वें राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन आज कांग्रेस संविधान में कई अहम संशोधन किये गए। कांग्रेस ने अपने संविधान में कुल 85 संशोधन किये हैं, जिनमें से छह संशोधन बेहद खास हैं। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में नफरत का माहौल है। सरकार रेल, जेल, तेल सब कुछ अपने मित्रों को बेच रही है। दिल्ली सरकार में बैठे लोगों का डीएनए गरीब विरोधी है। पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने मुश्किल यात्रा को पूरा किया है। देश और कांग्रेस के लिए यह चुनौती का वक्त है। राहुल गांधी अधिवेशन के अंतिम दिन रविवार को संबोधन देंगे।

कांग्रेस के संविधान में काफी बदलाव किया गया है। संगठन के पदाधिकारियों को दी गई शक्तियों के नियमों में बदलाव किये गए हैं।कांग्रेस ने जो संशोधन किए हैं उनमें कांग्रेस के सभी पदों में एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक को 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा। महिलाओं और 50 वर्ष से कम उम्र के युवाओं को 50 प्रतिशत भागीदारी दी जाएगी।अब पंचायत कांग्रेस और वार्ड कांग्रेस को भी कांग्रेस के संविधान में मंजूरी दी गई है।

कांग्रेस के सदस्यता फार्म में पहली बार थर्ड जेंडर का विकल्प शामिल होगा। सदस्यता फार्म में पिता के साथ माता और पत्नी के नाम का भी विकल्प होगा। अब 8 पीसीसी डेलिगेट पर 1 एआईसीसी सदस्य की जगह 6 पीसीसी डेलिगेट पर 1 एआईसीसी सदस्य बनाये जाएंगे।
अब कांग्रेस एआईसीसी सदस्यों की संख्या 1240 से बढ़कर 1653 होगी

सीडब्ल्यूसी सदस्यों की संख्या 35 होगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व पीएम और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सीडब्ल्यूसी के स्वाभाविक सदस्य होंगे।सीडब्ल्यूसी के 35 सदस्यों में से 50 प्रतिशत सदस्य मनोनीत किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *