केंद्र सरकार संवैधानिक मूल्यों को कुचल रही है- सोनिया

0 आरएसएस और भाजपा का देश की संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा है

रायपुर। कांग्रेस संसदीय दल की मुखिया, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस महा अधिवेशन को संबोधित करते हुए आज केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। सोनिया गांधी ने अंग्रेजी में भाषण देते हुए भाजपा पर कड़ा प्रहार करने के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आरएसएस और भाजपा का देश की संवैधानिक संस्थाओं पर कब्ज़ा है और केंद्र सरकार संवैधानिक मूल्यों को कुचल रही है।

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने कांग्रेस के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अगुवाई में देश को अच्छी सरकार दी गई थी। आज देश और कांग्रेस के लिए चुनौतियों से भरा हुआ समय है। उन्होंने कहा कि देश में अल्पसंख्यकों, दलितों और महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं। मोदी सरकार उद्योगपतियों का साथ दे रही है।सोनिया गांधी ने अपने भाषण के दौरान अपनी बढ़ती उम्र का उल्लेख करते हुए पार्टी के युवा नेताओं को शुभकामना दी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने राजनीतिक भविष्य की ओर इशारा करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ उनकी पारी समाप्त हो सकती है।

कांग्रेस नीत गठबंधन यूपीए की प्रमुख सोनिया गांधी ने कहा कि 2004 और 2009 में कांग्रेस की विजय के साथ पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. महमोहन सिंह के नेतृत्व ने उन्हें संतुष्टि दी है। इससे अधिक खुशी की बात यह है कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ मेरी पारी समाप्त हुई, जो कि कांग्रेस पार्टी के लिए अहम पड़ाव है। सोनिया गांधी के संबोधन के पहले पूर्व मंच से एक वीडियो क्लिप के माध्यम से उनके करियर और उपलब्धियों को दिखा कर उनका अभिवादन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *