तानाशाही हुकुमत जनता का हक मार रही और लोकतंत्र का गला घोंट रही है- नारायण चंदेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा है कि चक्काजाम आंदोलन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा की जा रही मुकदमेबाजी से भाजपा डरने वाली नही। बस्तर में भाजपा नेताओं की नृशंस हत्या के विरोध में भाजपा द्वारा किए गए जंगी प्रदर्शन पर सरकार द्वारा मुकदमे लादे जाने की शुरूआत करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा है कि भूपेश बघेल सरकार जितना चाहे उतना दमन कर ले, भाजपा आपकी नाक में दम कर देगी और जनता आपको उखाड़कर फेंक देगी। अब उल्टी गिनती शुरु हो गई है। अपनी चिंता करें। भाजपा का कार्यकर्ता किसी भी दमन के सामने झुकने वाला नहीं है। हम संघर्ष करते हुए आगे बढ़े है और आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी हैं। हमें दबाने की कोशिश कांग्रेस द्वारा लगाये गये आपातकाल में भी कामयाब नहीं हो पाई तो भूपेश बघेल की क्या बिसात है। भाजपा को जितना उत्पीड़न की शिकार बनाया जाएगा, जितनी साजिशें रची जाएगी, हमारे कार्यकर्ताओं के साथ, हमारे नेताओं के साथ जितना दमन चक्र चलाया जाएगा, हम उतने ही मजबूत होते चले जाएंगे। छत्तीसगढ़ की जनता देख रही है कि यहां तानाशाही हुकुमत चल रही है जो आम जनता का हक मार रही है और लोकतंत्र का गला घोंट रही है।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास चुनाव में जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है इसलिए दमन के हर तरीके अपना रही है । यह भाजपा कार्यकर्ताओं पर रासुका लगा रही है, जिला बदर की कार्रवाई कर रही है, जनता की आवाज दबाने के लिए धरना स्थल तक बदल रही है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध के लिए पूरे प्रदेश में एफ आई आर दर्ज करना कोई अनपेक्षित नहीं था।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि 78 विधानसभा क्षेत्रों के 400 से अधिक स्थानों पर भाजपा के हर बड़े-छोटे नेता कार्यकर्ता ने सड़क पर उतर कर भूपेश बघेल सरकार का विरोध किया है। हम यह विरोध करते रहेंगे और तब तक करते रहेंगे जब तक कि भूपेश बघेल सरकार को सड़क पर नहीं ला देते। वक्त आ गया है। नौ माह बाकी है। भूपेश बघेल हमारे सारे नेताओं पर जितने चाहे मुकदमे लाद लें, उन्हें चुनौती है कि वे ऐसा करके दिखाएं। चक्काजाम आंदोलन में हमारे प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, हमारे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह, अजय चंद्राकर, सांसद, विधायको सहित हम सभी ने भागीदारी की है। भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया है। सब पर मुकदमे लाद लो और हम सबको जेल में ठूंस दो। हम झुकने वाले नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *