कांग्रेस में घट रहा भूपेश बघेल का कद- विजय शर्मा

0 सह प्रभारी की नियुक्ति पर भाजपा का बड़ा हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस संगठन में मचे आंतरिक संघर्ष और सह प्रभारी की नियुक्ति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस में प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष बनाम भूपेश बघेल संग्राम चल रहा है। इस शह मात के खेल में कांग्रेस बेपरदा हो गई है। भूपेश बघेल का कद सिमट गया है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के भरोसेमंद संगठन महामंत्री अमरजीत चावला को नोटिस जारी करवाया तो जवाब में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने अपने विश्वस्त विजय जांगिड़ को छत्तीसगढ़ में सह प्रभारी नियुक्त करवा लिया। स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में संगठन और सत्ता की लड़ाई अब रुकने वाली नहीं है। कांग्रेस में कई सारे गुट बन गए हैं। सत्ता के भीतर गुटबाजी। संगठन में गुटबाजी। सत्ता और संगठन में गुटीय संघर्ष।कांग्रेस के सत्ता संगठन में अजब गजब सर्कस चल रहा है। अभी कुछ दिन पहले मोहन मरकाम के खास अमरजीत चावला को नोटिस जारी कर भूपेश बघेल ने बढ़त लेने का जो प्रयास किया था, वह विफल हो गया है। कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने अपने भरोसेमंद जांगिड़ को सह प्रभारी बनवा कर फिर बढ़त ले ली है। यह साबित कर रहा है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भूपेश बघेल का एकाधिकार कम होने लगा है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की यह जंग विधानसभा चुनाव में उसकी हार के बाद ही रुकेगी। अभी तो यह शुरुआत है। कांग्रेस में कलह का दौर बता रहा है कि अभी आगे बहुत लड़ाई है। भूपेश बघेल के दिन लद गए हैं। कांग्रेस में एटीएम मशीन बनकर जो रुतबा कायम किया है, वह बदलते वक्त के साथ कम हो गया है। कांग्रेस को यह आभास हो गया है कि भूपेश बघेल की तानाशाही से जनता तो त्रस्त है ही, कांग्रेस संगठन भी तबाह हो रहा है। सरकार आती जाती रहती हैं, संगठन को बचाये रखना जरूरी है, यह भी कांग्रेस को अहसास हुआ है, इसलिए भूपेश बघेल की चौधराहट संकट में पड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *