छुई खदान धंसकने से 6 की मौत, 2 गंभीर…

जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम मालगांव में छुई खदान से चूना निकालते समय हुए हादसे में 6 लोगों की मौत तथा 2 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। शुक्रवार को हुए इस हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की खबर से हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मालगांव में छुईखदान से चूना निकालते वक्त खदान धंसकने के कारण कई लोग मलबे की चपेट में आ गए और मलबे में दब जाने से 6 लोगों की मृत्यु हो गई तथा 2 लोगों को जीवित बचा लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार हशमती, कमली, शांति, कोमादी, मनमति, सैयद, सैयतो, पूर्णिमा और रामेश्वर इस हादसे की चपेट में आए। जिनमें से मनमति और पूर्णिमा गंभीर रूप से घायल हैं जबकि हशमती, कमली, शांति, कुमारी सैयतो और रामेश्वर की मृत्यु हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया जिससे घायल लोगों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया जबकि 6 लोगों को निकालने के पहले ही उनकी मृत्यु हो जाने की खबर है। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है और इस बड़े हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। तलाश अभियान जारी है।

मुख्यमंत्री द्वारा संवेदना व्यक्त

मालगांव में एक खदान में हादसे के दौरान छह श्रमिकों की दुखद मृत्यु का समाचार मिलने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि ईश्वर दिवंगत श्रमिकों की आत्मा को शांति एवं उनके परिवारों को हिम्मत दें। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है तथा अन्य फंसे हुए लोग सुरक्षित निकलें, इस हेतु प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *