कांग्रेस सरकार सब कुछ लूट लेना चाहती है- भाजपा

0 4 साल में केंद्र से मिले लाखों करोड़, लेकिन जनता को कुछ नहीं मिला, पैसा कहां गया : नारायण चंदेल

रायपुर। कांग्रेस की राज्य सरकार द्वारा वित्त मंत्री से रुपयों की मांग करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि कांग्रेस ने स्वयं ही साबित कर दिया कि वह झूठी है। वह लगातार यह कहती रही कि केंद्र राज्य के 55 हजार करोड़ नहीं दे रहा है लेकिन अब वह बकाया 7 हजार करोड़ पर पहुंच गया यानी कि 48 हजार करोड़ रुपए का झूठा बकाया राज्य सरकार ने जनता के सामने रखा था। इसके लिए कांग्रेस को तुरंत माफी मांगनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य ने पेंशन के लिए 17,240 करोड़ की मांग की है, उसे बकाया नहीं बताया जा सकता। कर्मचारियों के हितों में घड़ियाली आंसू बहाने वाली कांग्रेस सरकार पहले कर्मचारियों का डीए बढ़ाए।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि राज्य सरकार चार साल से केंद्र पर केवल आरोप लगा रही है लेकिन उसके बावजूद केंद्र सरकार ने 4 वर्षों में भूपेश सरकार को लगभग एक लाख 50 हजार करोड़ रुपये दिए हैं। राज्य जो धान खरीदी करता है अगर केंद्र चावल न खरीदे तो यह संभव ही नहीं। राज्य ने जितना धान एजेंसी के रूप में खरीदा उससे बना पूरा चावल केंद्र ने खरीदा है। जिसकी राशि चार वर्षों की 65 हजार करोड़ की है। राज्य सरकार ने स्वयं 4 वर्ष में 60 हजार करोड़ का भारी कर्ज लिया है। राज्य की जनता ने भी राज्य सरकार को अलग से टैक्स व अन्य माध्यमों से लगभग 1 लाख 50 हजार करोड़ की राशि दी है। आखिर इतना पैसा गया कहां?क्या सब दिल्ली भेज दिया गया?जनता को तो कुछ नहीं मिला।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की चिंता है तो पहले उनका महंगाई भत्ता बढ़ाए एवं जो नियोक्ता का अंशदान होता है, वह देना शुरु करे और इस बात का उत्तर दे कि जैसे उसने लाखों-करोड़ों रुपए की लूट कर दी है, क्या कर्मचारियों के हक का पैसा जो उन्हें भविष्य में मिलने वाला है, उसे भी लूटने का इरादा रखती है? क्योंकि ये पैसा उसे कर्मचारियों को अभी नहीं देना है तो क्या कांग्रेस पैसा लेकर, फिर से चुनाव में खर्चा करना चाहती है या दिल्ली में अपने आकाओं को भेजना चाहती है? कर्मचारियों के हक का पैसा केंद्र सरकार के पास सुरक्षित है और उन्हें ही मिलेगा। कांग्रेस उसे लूट नहीं सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *