रमन सरकार के भ्रष्टाचार की चर्चा न हो इसलिये छत्तीसगढ़ के नेताओं को भाजपा नेतृत्व जिम्मेदारी नहीं देता – शुक्ला

0 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को गुजरात चुनाव में स्टार प्रचारक बनाये जाने का स्वागत

0 अब छत्तीसगढ़ मॉडल गुजरात में भी गूंजेगा

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को गुजरात चुनाव में कांग्रेस की तरफ से स्टार प्रचारक बनाये जाने का स्वागत करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह भूपेश बघेल के प्रति कांग्रेस नेतृत्व का विश्वास है। उनको कांग्रेस आलाकमान सभी महत्वपूर्ण राज्यों में चुनाव की जवाबदारी सौंपता है। इसके पहले भी कांग्रेस ने हिमांचल प्रदेश में भी सीनियर आब्जर्वर और स्टार प्रचारक बनाया था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आसाम और यूपी में भी कांग्रेस के सीनियर आब्जर्वर बनाये गये थे। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा रमन सिंह एवं अन्य छत्तीसगढ़ के किसी भी भाजपा नेता को न हिमांचल में जवाबदारी दी गयी और न ही गुजरात में जवाबदारी मिली। इसके पहले भी देश के दूसरे राज्यों में हुये चुनावों में भी भाजपा नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं को जिम्मेदारी देने से परहेज किया था। डॉ. रमन सिंह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है इतना बड़ा पद देने के बावजूद भाजपा उनका चुनावी उपयोग नहीं करना चाहती।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अपने ही केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा खो दिया है। इसलिये राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, पूर्व महासचिव सरोज पांडे, रामविचार नेताम, रेणुका सिंह सहित किसी को भी भाजपा चुनावी जिम्मेदारी देने से परहेज करती है। भारतीय जनता पार्टी को भय सता रहा है कि यदि छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं को चुनावी राज्य में प्रचारक की जिम्मेदारी दे दिया गया और वहां कि जनता भाजपा से 2018 के चुनाव की दुर्गति कारण पूछ लेगी तो क्या जवाब देंगे तीन बार सरकार चलाने के बाद भाजपा 15 सीटों पर कैसे सिमट गयी? इसी फजीहत से बचने के लिये भाजपा आलाकमान छत्तीसगढ़ के किसी नेताओं को चुनाव में स्टार प्रचारक जिम्मेदारी देने से बच रहा है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भूपेश बघेल के छत्तीसगढ़ मॉडल को एक आदर्श के रूप में देशभर में प्रस्तुत कर रही है। जनता भूपेश बघेल के छत्तीसगढ़ मॉडल से प्रभावित है। लोग देख रहे हैं कि किस प्रकार मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण बर्बाद होते देश में छत्तीसगढ़ अपने स्वयं के संसाधनों से विकास की ओर बढ़ता चला जा रहा है। छत्तीसगढ़ में गोबर से लेकर गोमूत्र तक राज्य सरकार खरीद रही है और पशुपालकों सहित महिला स्व सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से देश में धान का सर्वाधिक समर्थन मूल्य किसानों को मिल रहा है। राज्य मे 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के पहले बेरोजगारी दर 22 प्रतिशत थी मगर छत्तीसगढ़ में अब बेरोजगारी दर केवल 0.7 प्रतिशत है। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के द्वारा बच्चों को निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। छत्तीसगढ़ के गांव आत्मनिर्भर हो रहे, गांधी के ग्राम स्वराज का सपना छत्तीसगढ़ में साकार हो रहा है। कांग्रेस भूपेश बघेल के इसी अभिनव मॉडल को देश में प्रस्तुत कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *