भाजपा एनएच पर चक्काजाम कर करेगी प्रदर्शन 8 को

(साधुराम दुल्हानी)
जगदलपुर। आरक्षण पर हाल ही में आए न्यायालय के आदेश के बाद भाजपा इस मामले में राज्य की कांग्रेस सरकार को दोषी बताते हुए, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं महिला मोर्चा की अगुवाई में आगामी 08 अक्टूबर को एनएच पर चक्का जामकर प्रदर्शन करेगी। वहीं 09 अक्टूबर से जनजाति बहुल क्षेत्रों के जनजाति समाज के विधायक और सांसद के निवास का घेराव कर उनसे इस मुद्दे पर जवाब मांगेगी। इसके अलावा भाजपा ग्राम संपर्क अभियान चलाकर गांव-गांव में हस्ताक्षर अभियान चलाकर समर्थन जुटाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने कहा बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में 2012 से तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के रिक्तियों में जो स्थानीय निवासियों द्वारा ही भरा जाना अनिवार्य था उसे भी अब इस कांग्रेस सरकार द्वारा आदेश निकालकर छीन लिया गया है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से जनजाति वर्ग के हमारे कर्मचारियों को पदोन्नति में भी लाभ मिलना बंद हो गया है। यदि कांगे्रस में आदिवासी समाज के प्रति जरा भी संवेदनशीलता और सहानुभूति बाकी है तो शीघ्र ही विधानसभा में अध्यादेश लाकर आदिवासियों को उनके जनसंख्या के अनुपात में 32 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करके उनका संवैधानिक अधिकार वापस करना चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रामकुमारी यादव ने कहा कि भूपेश सरकार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन के लिए विभिन्न कार्य योजना बनायी गयी है। जिसके तहत 07 से 11 अक्टूबर तक ग्राम व बूथ स्तर तक रसोईया, स्वसहायता समूह, विद्या मितान रेडि टू इट सामाजिक संगठन में कार्यरत महिलाओं को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। जिसमें महतारी हुंकार रैली में अधिक से अधिक महिलाओं से संपर्क करना, पोस्टर चिपकाना, दीवार लेखन, नारे, पाम्प्लेट वितरण, महिला ग्राम चौपाल लगाना, जन-जागरण अभियान चलाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *