द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक जीत…

0 25 जुलाई को लेंगीं राष्ट्रपति पद की शपथ

नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा नीत एनडीए की उम्मीदवार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। वे 25 जुलाई को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगीं। उन्होंने विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को करारी शिकस्त दी है। द्रौपदी मुर्मू देश की 15 वी राष्ट्रपति निर्वाचित हुई हैं। इस चुनाव में उन्हें 5,77,777 वोट वैल्यू हासिल हुई जबकि संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 2 लाख 61 हजार 62 वोट वैल्यू पर संतोष करना पड़ा। राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर द्रौपदी मुर्मू को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा और एनडीए के सभी नेताओं ने बधाई दी है। भाजपा में जश्न का माहौल है और प्रधानमंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता श्रीमती मुर्मू से मिलने उनके घर जा रहे हैं। साझा विपक्षी उम्मीदवार उतारने में अहम भूमिका निभाने वाली पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को बधाई दी है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने भी द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने द्रौपदी मुर्मू की जीत को ऐतिहासिक बताया है। देश के अन्य नेताओं ने भी द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति निर्वाचित हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *