भाजपा का चेहरा कमल नेतृत्व मोदी का- नितिन नवीन

भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यसमिति बैठक के अवसर पर आये भाजपा प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा का चेहरा कमल तथा नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। प्रदेश में हुए निर्भया कांड में एक भी बयान कांग्रेस पार्टी का नहीं आना दुर्भाग्य जनक है। आतंकवादी हाफिज सईद की पसंदीदा पार्टी कांग्रेस है। वर्ष 2023 का चुनाव सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ लड़ा जाएगा। भाजपा की ओर से चेहरा पार्टी का चिन्ह कमल होगा और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। भाजपा के सह प्रभारी नितिन नवीन ने आज प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पश्चात पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सामाजिक कार्यकर्ता बनकर राष्ट्र भावनाओं को ध्यान में रखते हुए समूचे छत्तीसगढ़ के नागरिकों के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित करेगा। राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार देश में आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। जिसके कारण एनडीए से बाहर भी समर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी आग्रह किया कि प्रदेश में अनुसूचित जनजाति की आबादी 32 फीसदी है। इसलिए आदिवासी महिला उम्मीदवार होने के कारण समाज एवं राज्य को भी प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। उसे ध्यान में रखते हुए पार्टी से अलग हटकर छत्तीसगढ़ के विधायकों का भी उन्हें समर्थन मिलना चाहिए। पत्रकार वार्ता में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव साय, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे एवं भाजपा नेता उपस्थित थे।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय , प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय , केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह , पूर्व मंत्री रामविचार नेताम , सांसद अरुण साव आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *