गऊ की पूंछ पकड़ कर राजनैतिक वैतरणी पार करने वाले भाजपाई गोधन का विरोध कर रहे – कांग्रेस

0 अग्निपथ की तुलना गोधन न्याय से करना भाजपा का मानसिक दिवालियापन

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा द्वारा सेना की अग्निपथ भर्ती योजना की तुलना छत्तीसगढ़ के गोधन से किया जाना भाजपा नेताओं के मानसिक दिवालियेपन का पारिचायक है। छत्तीसगढ़ की गोधन न्याय योजना गांव, गरीब गोपालक चरवाहे तथा ऐसे लोगो के लिये है जो गोवंश से सीधे जुडे़ है उनके लिये अतिरिक्त आमदनी का साधन बन चुकी है। मोदी सरकार द्वारा सेना में भर्ती की अग्निपथ योजना देश की युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और सेना को कमजोर करने वाली योजना है। दोनो की तुलना कर भाजपा युवाओं के जले पर नमक छिड़क रही है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि गौ माता की पूंछ पकड़कर राजनीति की वैतरणी पार करने के बाद भाजपा को गोधन से ऐसी क्या दुश्मनी है जो उसके नेता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना का विरोध करते हैं। योजना का मखौल उड़ाते है। छत्तीसगढ़ के भाजपाई गोधन पर बयानबाजी करते है। देश के दूसरे राज्यों की भाजपा सरकारें छत्तीसगढ़ की नकल कर अपने यहां योजना लागू करती है। भाजपाई जितना विरोध करते हैं, गोधन योजना उतनी ही सफल से सफलतम हो चुकी है। गोधन न्याय योजना से छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सम्बल मिला है, लोगों की आमदनी बढ़ी है, जैविक खाद बन रही है, बिजली बन रही है, गरीबों की गुजर बसर आसान हुई है तो छत्तीसगढ़ी समाज में समावेशी विकास की यह योजना भाजपा की आंख में कांटे की तरह चुभ रही है। इनके केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गोबर योजना की तारीफ करते हैं, इनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोबर्धन के कसीदे पढ़ते हैं, मोदी के निर्वाचन क्षेत्र में गोबर से सीएनजी गैस बने और उससे वाहन चलाये जाने की योजना हो तो भी इनकी मंद बुद्धि में यह समझ में नहीं आता कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने देश को अभिनव योजना दी है जो देश दुनिया में आकर्षण का विषय बनी हुई है।

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा ने आगे बढ़ने के लिए गौमाता का राजनीतिक उपयोग किया मतलब निकल जाने के बाद डिस्पोजल की तरह कुचल दिया। कांग्रेस गौमाता पर राजनीति नहीं करती। हम गौमाता के आशीर्वाद से जनता को राहत देने में भरोसा करते हैं। भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ को गौमाता की कत्लगाह बना दिया गया था। भाजपा के नेता गौमाता के नाम पर जनता का धन लूट रहे थे और कसाई की भूमिका निभा रहे थे।

प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की सरकार किसानों की सरकार है। सरकार के मुखिया भूपेश बघेल विशुद्ध किसान हैं। कांग्रेस सरकार ने किसानों, खेतिहर मजदूरों के साथ ही किसानों की आत्मा गोधन को अहमियत दी है। गोधन के संरक्षण, संवर्धन के साथ गोधन न्याय योजना के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत की जा रही है तो भाजपा इसे उस अग्निपथ योजना से जोड़ रही है जो देश की युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद करने का कुचक्र है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *