प्रताड़ित पुलिस जवान ने कर ली थी आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव, (बसंत शर्मा)। सुरक्षा में लगे जवान को अवैध सम्बन्ध का हवाला देकर प्रताड़ित करने के चलते पुलिस जवान को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में लालबाग पुलिस ने विजय गुप्ता को हिरासत में ले लिया है. विजय गुप्ता को पुलिस सुरक्षा मिली हुई थी। बताया जा रहा है कि सुरक्षा में तैनात एक जवान को विजय गुप्ता अवैध संबंधों को लेकर प्रताड़ित कर नौकरी खा लेने की धमकी देता था और आए दिन प्रताड़ित करता था, इससे तंग आकर पुलिस जवान ने आत्महत्या कर ली थी।

लालबाग पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिसंबर 2018 में अल्वीक तिर्की नामक पुलिस जवान ने आत्महत्या कर ली थी. तिर्की विजय गुप्ता की सुरक्षा में तैनात था। मृतक जवान के परिजनों ने विजय गुप्ता पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। बताया जाता है कि सुरक्षा में तैनात पुलिस जवान तिर्की को विजय गुप्ता अवैध संबंधों को लेकर बदनाम कर देने तथा नौकरी खा जाने की धमकी आये दिन दिया करता था। जिससे परेशान होकर पुलिस जवान ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस जवान को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी विजय गुप्ता को हिरासत में ले लिया गया है। मर्ग जांच उपरांत आरोपी विजय गुप्ता के खिलाफ धारा 306, एक्ट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस जवान को प्रताड़ित करने के मामले में जिस विजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है, वह नक्सलियों की हिटलिस्ट में था। उसकी सुरक्षा के लिए दो जवान मिले हुए थे। जिसमें से एक जवान अल्वीक तिर्की भी बताया गया है।विजय गुप्ता मूलत: चिल्हाटी क्षेत्र के ग्राम कोरचाटोला का निवासी बताया जाता है। वह फिलहाल पेन्ड्री क्षेत्र में रहता था। सूत्र बता रहे हैं कि विजय गुप्ता महाराष्ट्र पुलिस का मुखबिर भी था।

लालबाग पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि जवान को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में मर्ग जांच की गई, विजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। विजय गुप्ता के खिलाफ धारा 306 एवं एक्ट्रोसिटी एक्ट के तहत जर्म दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *